शाहरुख खान की फिल्म कभी हां कभी ना से पहचान बनाने वालीं एक्ट्रेस और सिंगर सुचित्रा कृष्णमूर्ति इन दिनों अपनी फिल्मों की वजह से नहीं, बल्कि इंश्योरेंस कंपनी के साथ विवाद को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ICICI लोम्बार्ड के खिलाफ कई पोस्ट शेयर कर दावा किया कि उनकी मेडिकल इंश्योरेंस क्लेम को गलत आधार पर खारिज कर दिया गया. सुचित्रा ने देर रात एक पोस्ट में बताया कि अल्सर और तेज एसिडिटी की वजह से उन्हें नींद नहीं आ रही थी. इसी दौरान उन्होंने अपने पुराने अस्पताल में भर्ती होने का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उनके इलाज का खर्च इंश्योरेंस कंपनी ने देने से इनकार कर दिया था. उनके मुताबिक कंपनी का कहना था कि पॉलिसी लेते समय उन्होंने अल्सर की जानकारी नहीं दी थी.
एक्ट्रेस ने इस दावे का विरोध करते हुए कहा कि जब उन्होंने हेल्थ पॉलिसी खरीदी थी, तब उन्हें अल्सर की समस्या थी ही नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि अब उनसे यह साबित करने के लिए डॉक्टर का सर्टिफिकेट मांगा जा रहा है कि पॉलिसी लेने के वक्त उन्हें यह बीमारी नहीं थी. सुचित्रा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें अब पैसों से ज्यादा इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की चिंता है और वह कथित गड़बड़ियों का खुलासा करेंगी.
Its 1.45 am and i cant sleep bec of severe acidity. I have ulcers. And the last time my ulcers threatened to burst i had to be hospitalized & guess what @icicilombard refused to cover my hospitization cost - bec i hadnt declared my ulcers at the time of taking the policy. But i…
— Suchitra Krishnamoorthi (@suchitrak) July 15, 2026
इस विवाद के बीच ICICI लोम्बार्ड ने भी X पर जवाब देते हुए कहा कि पुराने मामले पर पहले ही प्रतिक्रिया दी जा चुकी है. कंपनी ने यह भी बताया कि उन्हें फिलहाल कोई नया क्लेम नहीं मिला है. यदि नया क्लेम किया गया है तो उससे जुड़ी जानकारी डायरेक्ट मैसेज के जरिए साझा की जाए, ताकि मामले की जांच कर आगे सहायता दी जा सके. हालांकि कंपनी के जवाब से सुचित्रा संतुष्ट नहीं दिखीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके केस की समीक्षा करने वाले डॉक्टर उनकी मेडिकल स्थिति को ठीक से समझ ही नहीं पाए. उनका कहना था कि डॉक्टर एसिडिटी, अल्सर और हायटस हर्निया जैसी अलग-अलग समस्याओं में फर्क तक नहीं कर सके. उन्होंने डॉक्टर की योग्यता पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह जानना चाहती हैं कि संबंधित डॉक्टर ने मेडिकल की पढ़ाई कहां से की है.
बाद में एक सोशल मीडिया यूजर के समर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए सुचित्रा ने दावा किया कि उन्हें झूठा साबित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि कंपनी ने उनके मामले को गंभीरता से नहीं लिया और वह अपनी बात पर पूरी तरह कायम हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं