विज्ञापन

शाहरुख खान का 61वां जन्मदिन आज, मन्नत के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, फैन क्लब ने जुहू में मनाया जश्न

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान आज 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं. हर साल की तरह इस बार भी उनके जन्मदिन पर प्रशंसकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है.

शाहरुख खान का 61वां जन्मदिन आज, मन्नत के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, फैन क्लब ने जुहू में मनाया जश्न
शाहरुख खान का 61वां जन्मदिन आज, मन्नत के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
NDTV

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान आज 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं. हर साल की तरह इस बार भी उनके जन्मदिन पर प्रशंसकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है. शाहरुख के जन्मदिन पर हर साल बड़ी संख्या में फैन्स उनके मुंबई स्थित बंगले मन्नत के बाहर जमा होते हैं और अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने का इंतजार करते हैं. हालांकि, इस बार सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मन्नत के आसपास कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशंसकों को बंगले के आसपास इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है. इसके बावजूद शाहरुख के फैन्स ने अपने चहेते सितारे का जन्मदिन अपने-अपने अंदाज में मनाया.

जुहू के एक रेस्टोरेंट जश्न

शाहरुख के प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ है. उनके फैन क्लब ने जुहू के एक रेस्टोरेंट में खास अंदाज में सुपरस्टार का जन्मदिन मनाया. इस मौके पर फैन्स ने जमकर नाच-गाना किया और शाहरुख की आने वाली फिल्म ‘किंग' का गाना मिलकर देखा. जश्न के दौरान केक भी काटा गया. फैन्स ने इस तरह अपने पसंदीदा सितारे के जन्मदिन को यादगार बनाने की कोशिश की.

वहीं, जन्मदिन से एक रात पहले यानी 1 नवंबर को मन्नत के बाहर भी खास नजारा देखने को मिला. बंगले के बाहर एक बड़ी स्क्रीन लगाकर शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग' का पोस्टर प्रोजेक्ट किया गया. इस तरह फैन्स ने जन्मदिन से पहले ही अपने सुपरस्टार की आने वाली फिल्म का जश्न मनाया.

सुरक्षा का रखा खास ध्यान

दरअसल, पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन की सतर्कता बढ़ी है. सलमान खान को मिली धमकियों के बाद शाहरुख खान और सलमान जैसे बड़े सितारों की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से ज्यादा कड़ी की गई है. जन्मदिन और ईद जैसे खास मौकों पर इन सितारों के घरों के बाहर प्रशंसकों की भीड़ जुटती रही है, लेकिन अब सुरक्षा कारणों से फैन्स को बंगलों के आसपास इकट्ठा होने से रोका जाने लगा है. पिछले दो साल से यह व्यवस्था देखने को मिल रही है और इस बार तीसरा साल है जब प्रशंसकों को पहले की तरह मन्नत के बाहर जमा होने का मौका नहीं मिल रहा है.

इसके अलावा, रोहित शेट्टी और टाइगर श्रॉफ से जुड़े हमलों की घटनाओं के बाद भी पुलिस सितारों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क नजर आ रही है. ऐसे में किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा है.

शाहरुख खान की किंग के बारे में

गौरतलब है कि पिछले साल भी सुरक्षा कारणों से शाहरुख खान अपने बंगले की बालकनी या बाहर आकर प्रशंसकों का अभिवादन नहीं कर पाए थे. हालांकि, बाद में उन्होंने कुमार गंधर्व ऑडिटोरियम में अपने फैन्स से मुलाकात की थी. लेकिन इस बार शाहरुख की ओर से प्रशंसकों से मुलाकात का कोई कार्यक्रम सामने नहीं आया है.

खबरों की मानें तो शाहरुख खान अपनी अगली फिल्म ‘किंग' की रिलीज के आसपास प्रशंसकों से मुलाकात कर सकते हैं. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म के प्रचार के दौरान शाहरुख अपने चाहने वालों के बीच पहुंच सकते हैं. फिलहाल, जन्मदिन पर मन्नत के बाहर भले ही पहले जैसी रौनक नहीं है, लेकिन उनके प्रशंसकों का प्यार और उत्साह लगातार कायम है.

यह भी पढ़ें | शाहरुख खान की 'किंग' मूवी ने रिलीज से 50 दिन पहले कमाए 800 करोड़, जानें पूरा गणित

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shah Rukh Khan, Shah Rukh Khan Birthday, Shah Rukh Khan Movie List, King, Shah Rukh Khan Movie King
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com