विज्ञापन

सरोज खान के इशारों पर थिरकते थे बड़े-बड़े सितारे, जानें कैसे बनी बॉलीवुड की 'मास्टर जी'

22 नवंबर को फेमस कोरियोग्राफर सरोज खान का जन्म हुआ था. 3 साल की उम्र में फिल्मों में काम शुरू करने वाली सरोज खान ने अपने हुनर और मेहनत के दम पर बॉलीवुड में डांस की परिभाषा बदल दी. श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय जैसी एक्ट्रेस के साथ उनकी जर्नी को आज भी याद किया जाता है.

सरोज खान के इशारों पर थिरकते थे बड़े-बड़े सितारे, जानें कैसे बनी बॉलीवुड की 'मास्टर जी'
सरोज खान ने दिए बॉलीवुड को यादगार डांस नंबर
ians
नई दिल्ली:

22 नवंबर… सिर्फ कैलेंडर में दर्ज एक तारीख नहीं है, बल्कि यह उस शख्सियत को याद करने का दिन भी है, जिसने अपने हुनर और मेहनत से बॉलीवुड में डांस की परिभाषा ही बदल दी. हम बात कर रहे हैं मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान की, जिन्हें पूरी फिल्म इंडस्ट्री प्यार से 'मास्टर जी' कहकर बुलाती थी. श्रीदेवी से लेकर माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय तक, बॉलीवुड की कई बड़ी अभिनेत्रियों को अपने इशारों पर नचाने वाली सरोज खान की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी. 

 छोटी उम्र से शुरू किया काम 

सरोज खान का जन्म 22 नवंबर 1948 को हुआ था. उनका असली नाम निर्मला नागपाल था. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, इसलिए उन्हें बहुत छोटी उम्र से ही काम करना पड़ा. महज तीन साल की उम्र में उन्होंने बतौर बाल कलाकार फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था. जिस उम्र में बच्चे खिलौनों से खेलते हैं, उस उम्र में सरोज कैमरे के सामने अपना हुनर दिखा रही थीं. बचपन से ही उनका झुकाव डांस की तरफ था. यही वजह थी कि उन्होंने आगे चलकर नृत्य को ही अपना करियर बनाने का फैसला किया. हालांकि, यह सफर बिल्कुल आसान नहीं था. बाल कलाकार के तौर पर काम मिलने के बाद जब मौके कम हुए, तो उन्होंने बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम करना शुरू कर दिया. फिल्म 'हावड़ा ब्रिज' में भी उन्होंने बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम किया. उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि एक दिन यही लड़की बॉलीवुड की सबसे चर्चित कोरियोग्राफर बनेगी.

गीता मेरा नाम से की करियर की शुरुआत

सरोज खान ने साल 1974 में फिल्म 'गीता मेरा नाम' से बतौर कोरियोग्राफर अपने करियर की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उनकी सबसे बड़ी खासियत थी कि वह किसी भी गाने को सिर्फ डांस स्टेप्स तक सीमित नहीं रखती थीं, बल्कि उसमें भावनाएं और कहानी भी जोड़ देती थीं. फिल्म 'मिस्टर इंडिया' का 'हवा हवाई', 'तेजाब' का 'एक दो तीन', 'बेटा' का 'धक धक करने लगा' और 'देवदास' का 'डोला रे डोला' जैसे गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं. इन गानों की लोकप्रियता के पीछे सरोज खान की शानदार कोरियोग्राफी का बड़ा योगदान रहा. माधुरी दीक्षित के डांस को एक अलग पहचान दिलाने में भी उनका अहम योगदान था. माधुरी के साथ उनकी जोड़ी ने कई यादगार गाने दिए. वहीं श्रीदेवी और ऐश्वर्या राय जैसी अभिनेत्रियों के डांस में भी उनका हुनर साफ नजर आया.

कई पुरस्कार मिले

अपने लंबे करियर में उन्होंने कई पुरस्कार हासिल किए. उन्हें 3 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मफेयर पुरस्कार भी अपने नाम किए. टीवी रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' और 'नच बलिए' में बतौर जज आकर उन्होंने नई पीढ़ी के डांसर्स को भी प्रोत्साहित किया. 3 जुलाई 2020 को सरोज खान ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. भले ही आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके सिखाए डांस स्टेप्स और कोरियोग्राफी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Saroj Khan, Saroj Khan  songs, Saroj Khan  acting, Bollywood, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com