समय रैना कॉमेडी की दुनिया का वो नाम हैं जो अपने जोक्स से ज्यादा अपने विवादों की वजह से पहचाने जाते हैं. 2025 में उनका शो 'इंडिया गॉट लेटेंट' उस समय सुर्खियों में आ गया था जब मजाक के नाम पर सारी हदें पार कर ली गई थीं. इसके बाद जहां शो को ऑफ एयर करना पड़ा, वहीं समय रैना ने भी लोगों से दूरी बना ली. फिर उन्हें कोर्ट कचहरी के भी चक्कर काटने पड़े. लेकिन कहते हैं ना किस समय बदलते देर नहीं लगती. उसी तरह समय रैना का भी समय करवट ले चुका है और जो कानून व्यवस्था कभी उनके खिलाफ खड़ी थी, आज वही उनके साथ है.
वो साइबर सेल जो एक समय पर समय के पीछे पड़ी थी, आज वहीं पर समय रैना को साइबर सेल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बुलाया गया. महाराष्ट्र साइबर सेल ने बुधवार को एक कार्यक्रम के तहत साइबर-अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म, डिजिटल अरेस्ट और महाराष्ट्र साइबर एंथम लॉन्च किया, जिसमें आशीष विद्यार्थी, पंकज त्रिपाठी, शरद केलकर, सोनाली बेंद्रे, जावेद जाफरी, मंगेश देसाई, सिंगर सुनिधि चौहान और कॉमेडियन समय रैना शामिल हुए. मतलब जो पुलिस कुछ समय पहले समय के पीछे थी वो अब लोगों तक मैसेज पहुंचाने के लिए उनकी ही मदद ले रही है.
बता दें कि कुछ समय पहले ही समय रैना अपने शो इंडिया गॉट लैटेंट के सीजन 1 के चलते विवादों में घिरे थे. जिस समय भारत में उनके शो के एक विवादित जोक के चलते उनके ऊपर 3 FIR दर्ज हुई थीं. शो में रणवीर अल्लाहबादिया द्वारा किया गया भद्दा मजाक लोगों को पसंद नहीं आया. उस वक्त समय अपनी टीम के साथ US में शोज कर रहे थे. विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया था कि समय को अपना पूरा शो यूट्यूब से डिलीट करना पड़ा था. समय ने इन सब चीजों से निकलने के बाद एक कमबैक शो किया था, जिसमें उन्होंने इस पूरे कांड के बारे में खुल कर बात की.
शो तुमसे है...तुम शो से नहीं
समय रैना ने बताया कि यूएस में वो और उनके दोस्त बलराम काफी परेशान थे. उन दोनों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या करें. तभी उनकी मां का वीडियो कॉल आता है और वो अपनी मां से बात करते हुए रोने लगते हैं. समय ने बोला कि मैं और मां दोनो रो रहे हैं और पापा पीछे से मीम भेज रहे हैं. तब समय ने अपने पापा से बात की और बोले कि आप क्या कर रहे हो.. मेरा शो चला गया..मेरा सब चला गया... आप रो नहीं रहे, हंस रहे हो आप...इस पर उनके पापा ने कहा कि मेरा कश्मीर में घर चला गया मैं तब नहीं रोया...
पापा की इस बात ने उनको हिम्मत दी. समय ने बताया कि इसके बाद उन्होंने अपने पापा से एक से डेढ़ घंटे बात की. उन्होंने अपने पापा को सब कुछ बताया. तब समय के पापा ने उनको समझाया कि रो क्यों रहा है यार, शो ही तो बंद हुआ है. शो तुम्हारी वजह से है...तुम शो से नहीं हो. समय ने बताया कि पापा कि इस बात ने उनको काफी हिम्मत दी.
ये भी पढ़ें: समय रैना के शो में बादशाह ने अपने नाम को लेकर किया ये दावा, हनी सिंह बोले- मेरी गंदी औलाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं