सलमान खान एक बार फिर अपनी दरियादिली को लेकर चर्चा में हैं. एक्टर ने अचानक बीमार पड़े अपने बॉडी डबल के इलाज के लिए मदद का हाथ बढ़ाया और उनकी हर एक छोटी से छोटी चीज का खयाल रख रहे हैं. यह घटना 6 अगस्त की है. परवेज काजी सलमान खान के लिए स्टंट परफॉर्म कर रहे थे. इस दौरान कोई मेडिकल इमरजेंसी हुई तो उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया. यहां पता चला कि दिल में तीन ब्लॉकेज हैं. इसके बाद उनकी सर्जरी हुई. फिलहाल परवेज घर पर हैं और रिकवर कर रहे हैं. सलमान खान ने खुद इस सिचुएशन को संभाला और इस बात का ध्यान रखा कि उनका इलाज सही तरीके से हो.
इंडिया टुडे से खास बातचीत में, काजी के मैनेजर पीयूष ने साफ किया कि खबरों के उलट, परवेज को हार्ट अटैक नहीं आया था और अब वे ठीक हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि पहले घर में काजी की तबीयत बिगड़ी और वे मेडिकल चेकअप के अस्पताल पहुंचे. कई टेस्ट के बाद, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी दिल की एक छोटी सर्जरी हुई.
पीयूष ने यह भी बताया कि काजी की हालत के बारे में पता चलते ही सलमान ने तुरंत मदद की और उनके इलाज समेत सब कुछ संभाला. उन्होंने कहा कि सलमान "हमारे साथ ही थे" और यह खयाल रखा कि काजी को जरूरी मेडिकल देखभाल मिले. उन्होंने आगे कहा कि परवेज एक्टर के बहुत आभारी हैं कि उन्होंने सेहत से जुड़ी इस समस्या के बारे में पता चलते ही सब कुछ संभाल लिया.

Photo Credit: social media
मैनेजर ने कहा, "सलमान सर परवेज सर को छोटे भाई की तरह मानते हैं और उन्होंने तुरंत मदद की." उन्होंने कहा कि काजी अब "पूरी तरह ठीक" हैं और उन्हें काम पर लौटने से पहले कुछ दिन आराम करने की सलाह दी गई है. पीयूष ने बताया कि परवेज अच्छी तरह ठीक हो रहे हैं और उम्मीद है कि वे जल्द ही सेट पर लौटेंगे.
शुरू में खबर आई थी कि परवेज को सेट पर हार्ट अटैक आया था. इस घटना के बाद ऐसी खबरें आईं कि काजी के ठीक होने तक सलमान खुद ज्यादा एक्शन सीन करेंगे. खबर है कि फिल्म के स्टंट शेड्यूल को भी नए सिरे से तैयार किया गया है और स्टार की शूटिंग आसानी से हो सके, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं. हालांकि अब काजी की हालत ठीक है और उम्मीद है कि ठीक होने के बाद वे जल्द ही सेट पर लौटेंगे.
यह भी पढ़ें: टॉक्सिक के दौरान प्रेग्नेंट थीं कियारा आडवाणी, जब कोस्टार यश को पता चला तो आंखों में आंसू के साथ कही थी ये बात
यह घटनाक्रम तब हुआ है जब सलमान नयनतारा के साथ अपनी आने वाली एक्शन एंटरटेनर फिल्म के लिए मुंबई में एक बड़े शेड्यूल की शूटिंग कर रहे हैं. टीम ने इस महीने की शुरुआत में छह हफ्ते का मुंबई शेड्यूल शुरू किया था, जिसमें तीन बड़े एक्शन सीन प्लान किए गए हैं. खबरों के मुताबिक पैडीपल्ली ने गोरेगांव के फिल्म सिटी में प्राइम फोकस स्टूडियो में एक अफगान गांव का सेट बनाया है, जहां सलमान और नयनतारा कई बड़े एक्शन सीन की शूटिंग कर रहे हैं. फिल्म के स्टंट डिजाइन करने के लिए एक कोरियन एक्शन टीम भी शामिल है.
खबरों के अनुसार इस फिल्म का नाम 'मॉन्स्टर' है और इसे वामशी पैडीपल्ली ने डायरेक्ट किया है और दिल राजू ने प्रोड्यूस किया है. इसके 2027 में ईद पर रिलीज होने की उम्मीद है. फिल्म में एक्ट्रेस नयनतारा भी एक अहम भूमिका में हैं.
कौन हैं परवेज काजी
परवेज काजी कई सालों से सलमान खान के बॉडी डबल रहे हैं और उन्होंने 'प्रेम रतन धन पायो', 'सुल्तान', 'टाइगर जिंदा है', 'रेस 3', 'भारत', 'दबंग 3' और 'राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई' जैसी फिल्मों में उनके साथ काम किया है. सलमान से उनकी शक्ल मिलने की वजह से वे अक्सर फैंस के बीच जाने-पहचाने चेहरे बन गए हैं, और फिल्म सेट से दोनों की साथ वाली तस्वीरें अक्सर वायरल होती रहती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं