बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी 26 अगस्त को यश के साथ टॉक्सिक लेकर आ रही हैं. प्रेग्नेंसी के बाद ये कियारा की पहली फिल्म होगी. इसके चलते कियारा फैन्स के लिए ये फिल्म काफी खास है. हाल में एक्ट्रेस 'Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups' के चेन्नई प्री-रिलीज इवेंट में शामिल हुईं. यहां बातचीत के दौरान एक्ट्रेस ने एक बहुत ही निजी और दिल को छू लेने वाला पल शेयर किया. कियारा ने बताया कि फिल्म बनाने के दौरान उन्हें 'रॉकिंग स्टार' यश और डायरेक्टर गीतू मोहनदास से कितना जबरदस्त सपोर्ट मिला. 'Toxic' में कियारा 'नादिया' का किरदार निभा रही हैं जो फिल्म की दुनिया का एक अहम हिस्सा है. यह यश और गीतू के साथ उनका एक शानदार कोलैबोरेशन है. कियारा शूटिंग के दौरान की एक ऐसी बात भी इस मौके पर शेयर की जिसके बारे में उन्होंने पहले डायरेक्टर गीतू और कोस्टार यश से नहीं कही थी. कियारा ने कहा, "जब मैं प्रेग्नेंट हुई तो परिवार के बाद आप ही वो दो लोग थे जिन्हें मैंने यह खबर बताई थी."
उन्होंने बताया, उस पल में आपने यह नहीं सोचा कि फिल्म कैसे पूरी होगी, लॉजिस्टिक्स क्या होंगे या ऐसी कोई और बात. आप दोनों की आंखों में आंसू थे और चेहरे पर मुस्कान. आपने मुझे बधाई दी और कहा, कियारा, अब हम अपनी जिंदगी का सबसे बेहतरीन समय बिताने वाले हैं. कियारा ने कहा कि इस रिएक्शन ने उनके दिल को छू लिया और इससे पता चला कि यश और गीतू एक्टर और डायरेक्टर के तौर पर अपने रोल से कहीं बढ़कर कैसे इंसान हैं. "किसी को मेरे लिए इतना खुश देखकर मेरा दिल भर आया. मैं वह बात कभी नहीं भूलूंगी. आपने कहा था, सेट पर आओ, आराम से रहो, जो मन करे वो खाओ और हम सबसे बेहतरीन फिल्म बनाएंगे और हमने सच में ऐसा किया भी."
यश और गीतू का शुक्रिया अदा करते हुए कियारा ने कहा, "आपने सच में मुझे महसूस कराया कि उस पल में मैं कुछ भी कर सकती हूं. आप जैसे इंसान हैं उसके लिए आपका शुक्रिया और सबसे अच्छी टीम होने के लिए भी धन्यवाद." उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि 26 अगस्त को जब हम यह फिल्म आप सबके सामने लाएंगे, तो आप उस जुनून और दीवानगी को महसूस करेंगे और सिनेमा का आनंद लेंगे."
उन्होंने फिल्म के पीछे के बड़े विजन के बारे में भी बात की और कहा, "सिर्फ एक ही विजन था इंडियन सिनेमा को आगे ले जाना, हमारे देश के बेहतरीन कलाकारों और टेक्नीशियन्स को साथ लाना और इस फिल्म को ग्लोबल लेवल पर पहुंचाना." आखिर में कियारा ने 'Toxic' की पूरी टीम और चेन्नई की ऑडियंस का उनके प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया अदा किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं