अभिनेत्री साई पल्लवी ने कहा है कि आगामी सिनेमाई महाकाव्य रामायण में सीता का किरदार निभाते समय उन्होंने पूरी तरह समर्पण और प्रार्थना का भाव रखा. उन्होंने बताया कि वह खुद को मानसिक रूप से खुला और निष्पक्ष रखना चाहती थीं, ताकि इस किरदार से मिलने वाली सीख और ज्ञान को ग्रहण कर सकें. साई पल्लवी, अभिनेता रणबीर कपूर और रवि दुबे के साथ लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर पहुंचीं. इस शो की मेजबानी महानायक अमिताभ बच्चन करते हैं. कार्यक्रम के दौरान फिल्म की पूरी टीम ने इस फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए.
तीनों कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए अमिताभ बच्चन ने फिल्म के प्रति अपनी उत्सुकता जाहिर की. उन्होंने कहा, “आप तीनों का आज यहां स्वागत करके हमारे लिए बड़े गर्व की बात है. गर्व की बात यह भी है कि आज आप जिस फिल्म के बारे में चर्चा करेंगे, उसके बारे में हम और सारी जानकारी जानना चाहेंगे. एक बार फिर, मैं आप सभी लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं.” फिल्म में इन प्रतिष्ठित और पौराणिक किरदारों को निभाने के अनुभव के बारे में जानने के लिए अमिताभ बच्चन ने कलाकारों से सवाल किया, “आप लोगों ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाई हैं. जब ये तीनों भूमिकाएं आपको निर्माता-निर्देशक की तरफ से बताई गईं, तो आपके मन में क्या चल रहा था? लेडीज फर्स्ट.”

Photo Credit: Social media
माता सीता की दिव्य भूमिका निभाने के अपने अनुभव को साझा करते हुए साई पल्लवी ने बेहद भावुक और आध्यात्मिक जवाब दिया. उन्होंने कहा, “मैं इस बार दिमाग का इस्तेमाल नहीं करना चाहती थी. लेकिन मैंने सोचा कि जब भी मैं कोई किरदार निभाती हूं, तो यह सोचती हूं कि मैं उस किरदार के लिए क्या कर सकती हूं. लेकिन पहली बार मुझे लगा कि सीता मां का पात्र निभाकर मुझे वहां से क्या मिलेगा? मुझे क्या ज्ञान मिलेगा? मुझे क्या हासिल होगा?”
यह भी पढ़ें: मराठी लड़का बना तमिल सिनेमा का सुपरस्टार, 27 साल से चल रहा सिक्का, अब 75 की उम्र में दी 700 करोड़ की फिल्म
उन्होंने आगे बताया कि वह इस किरदार को बिना किसी पूर्वधारणा के और पूरी श्रद्धा के साथ निभाना चाहती थीं. साई पल्लवी ने कहा, “तो मैं जितना भी जानती हूं, उतना मैं पारदर्शी रखना चाहती थी. मैं अपने आप से कुछ सोचना नहीं चाहती थी. मैंने सिर्फ प्रार्थना करके कहा, ‘मां, आप मेरे द्वारा वह पात्र निभवाइए,' बस इतना कहकर मैंने सब कुछ मां पर छोड़ दिया.”
उनकी विनम्रता और किरदार के प्रति समर्पण से प्रभावित होकर अमिताभ बच्चन ने उनकी बात की सराहना करते हुए कहा, “बहुत अच्छी बात कही आपने, बहुत अच्छी बात कही.” यह बातचीत साई पल्लवी के उस दृष्टिकोण की झलक पेश करती है, जिसके साथ वह भारतीय पौराणिक परंपरा में अत्यंत पूजनीय माता सीता के किरदार को पर्दे पर जीवंत करने जा रही हैं. उनके लिए यह भूमिका केवल अभिनय तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मचिंतन, श्रद्धा और आध्यात्मिक सीख का भी एक अवसर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं