रैपर सैंटी शर्मा ने कॉकरोच जनता पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है. सैंटी ने कहा कि इस वायरल पार्टी की वजह से ही उनका YouTube चैनल हमेशा के लिए डिलीट कर दिया गया है. इससे उस डिजिटल स्पेस का अचानक अंत हो गया है, जहां उन्होंने एक मजबूत फैन बेस बनाया था. सैंटी उस वक्त चर्चा में आए जब उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी और उनके आंदोलन की आलोचना की और सोशल मीडिया पर अपनी राय रखी.
सैंटी का यूट्यूब चैनल डिलीट होने पर उन्होंने निराशा जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह चैनल सिर्फ एक प्लेटफॉर्म नहीं था, उस पर उनके एक दशक से ज्यादा का संगीत, मेहनत और निजी यादें शामिल थीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि YouTube ने उन्हें बताया है कि अकाउंट को दोबारा चालू नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- 48 साल पहले आई इस फिल्म को थिएटर में अकेले देखने पर मिलता इनाम, हॉलीवुड से आए थे आर्टिस्ट
यूट्यूब का कोई आधिकारिक बयान नहीं
इकोनॉमिक टाइम्स (ET) की रिपोर्ट के अनुसार, YouTube ने सैंटी शर्मा का अकाउंट हटाने की वजह के बारे में सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बताया है. इधर इस बात ने सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है. फैन्स सवाल उठा रहे हैं कि ये डिजिटल प्लेटफॉर्म क्रिएटर्स के साथ कैसा व्यवहार करते हैं? वहीं कुछ लोगों ने सीजेपी को लेकर उनके विवादास्पद राय पर भी बात की.
सैंटी शर्मा का पूरा बयान
सैंटी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "एक कलाकार के लिए, उनका काम ही उनकी आत्मा होती है. मेरा YouTube चैनल सिर्फ एक प्लेटफॉर्म नहीं था, यह 11 सालों के सपने, संघर्ष, यादें और अनगिनत घंटों की कड़ी मेहनत थी. YouTube ने पुष्टि की है कि मेरा चैनल हमेशा के लिए डिलीट कर दिया गया है और इसे वापस नहीं लाया जा सकता.
CJP के बारे में मेरे बयान के बाद, मुझे बहुत सारे नफरत भरे मैसेज मिले, और मेरा मानना है कि मेरा चैनल उसी राजनीति का शिकार हुआ है. उन्होंने मेरा चैनल छीन लिया हो, लेकिन वे मेरी आवाज, मेरा जुनून या दोबारा कुछ बनाने का मेरा संकल्प नहीं छीन सकते. उन सभी का धन्यवाद जो मेरे साथ खड़े हैं"
यह भी पढ़ें- सलमान खान की 'मातृभूमि' का नया पोस्टर आउट, इस डेट को रिलीज कन्फर्म
बता दें कि सैंटी ने अपने वीडियो में राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हुए CJP को "सिर्फ इंटरनेट ड्रामा" बताया था. उन्होंने इंस्टाग्राम पर कहा, "कोई भी राजनीतिक पार्टी एकदम सही नहीं है, जिसमें BJP भी शामिल है, और आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है. लेकिन बेवजह अस्थिरता पैदा करना, आक्रोश का माहौल बनाना और ऑनलाइन प्रोपेगैंडा फैलाना भारत की तरक्की का समाधान नहीं है."
सैंटी शर्मा कौन हैं?
सैंटी शर्मा, जिनका असली नाम गणेश शर्मा है, मध्य प्रदेश के रतलाम के रहने वाले एक रैपर, सिंगर और गीतकार हैं. इस इलाके के शुरुआती हिप-हॉप कलाकारों में से एक माने जाने वाले शर्मा अपने संगीत के लिए सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं. हाल ही में, सैंटी शर्मा ने अक्षय कुमार की फिल्म 'हाउसफुल 5' से बॉलीवुड में डेब्यू किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं