फिल्म रामायण ने रिलीज़ से पहले ही एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है. सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के ट्रेलर ने रिलीज़ के सिर्फ 48 घंटे के भीतर सभी आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स पर 35 करोड़ (350 मिलियन) से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं. इसके साथ ही यह भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा फिल्म ट्रेलर बन गया है. इस रिकॉर्डतोड़ प्रतिक्रिया ने फिल्म को दुनिया की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में और भी मजबूत स्थान दिला दिया है. दो भागों में बनने वाली इस भव्य फिल्म रामायण ने अपनी शानदार स्टारकास्ट और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े क्रिएटिव टैलेंट्स को साथ लाकर भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा किया है.
लंबे इंतजार के बाद जब मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया, तो इसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली. ट्रेलर ने इंटरनेट पर धूम मचा दी है और दुनियाभर के लोग इसके भव्य विजुअल्स, बड़े पैमाने और सिनेमाई प्रस्तुति की जमकर तारीफ कर रहे हैं. फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने कहा, "भारत और दुनिया भर के दर्शकों से रामायण के ट्रेलर को इतना प्यार मिलना हमारे लिए बेहद भावुक और गर्व की बात है. यह दिखाता है कि रामायण आज भी हर पीढ़ी और हर संस्कृति के लोगों के दिलों से गहराई से जुड़ी हुई है".
उन्होंने आगे कहा, "सिर्फ 48 घंटे में 35 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिलना न केवल फिल्म को लेकर लोगों के उत्साह को दर्शाता है, बल्कि इस महान कथा के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव को भी दिखाता है. अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर मिल रहा प्यार, दर्शकों की भागीदारी और लगातार हो रही चर्चाएं हमारे लिए बेहद खास हैं."
सभी प्लेटफॉर्म्स पर मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया, रिकॉर्डतोड़ व्यूज़ और फिल्म को लेकर बढ़ते उत्साह को देखते हुए साफ है कि रामायण रिलीज़ से पहले ही इतिहास रच रही है. उम्मीद है कि सिनेमाघरों में रिलीज़ होने तक इसे लेकर दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ेगा.
रामायण का ट्रेलर भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक की शानदार पहली झलक पेश करता है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं. यश रावण की दमदार भूमिका में दिखाई देंगे, सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में नजर आएंगे और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं. यह शानदार स्टारकास्ट दमदार अभिनय और भव्य विजुअल्स के साथ भारत के सबसे महान महाकाव्यों में से एक को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करने के लिए तैयार है.
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है. इसका निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज़ और आठ बार अकादमी अवॉर्ड जीत चुके वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी ने यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है. रामायण: पार्ट वन दुनियाभर में दिवाली 2026 पर रिलीज़ होगी. फिल्म का वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स करेगा, जबकि उत्तर भारत में इसका वितरण धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं