बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता राजपाल यादव के लिए हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से राहत भरी खबर सामने आई है. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस से जुड़े एक पुराने मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें अभिनेता ने सवा करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं. इसके साथ ही, अदालत द्वारा उन्हें शेष करीब 85 लाख रुपये 13 अक्टूबर तक जमा करने का निर्देश दिया गया है. इस पूरे घटनाक्रम और फैसले के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने एनडीटीवी से खास बातचीत की और अपनी खुशी और कोर्ट के प्रति आभार व्यक्त किया.
26 साल पुरानी फिल्म को किया याद
एनडीटीवी से बातचीत के दौरान अपनी भावनाओं को शेयर करते हुए राजपाल यादव ने कहा, "बहुत दिनों से सपना देख रहा था, एक 'जंगल' हमारी फिल्म थी जो 1999 में बनना शुरू हुई थी और 2000 में आई थी. उसमें एक डायलॉग था 'अब मेरी बारी'." उन्होंने अपनी पुरानी फिल्म के उस लोकप्रिय डायलॉग को याद किया जो आज के हालात पर बिल्कुल सटीक बैठता है. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "आफ्टर सो लॉन्ग, थैंक्स टू एवरीवन, अब मैं कह सकता हूं अब मेरी बारी!"
सुप्रीम कोर्ट का शत-शत नमन
जब उनसे पूछा गया कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले और आज की सुनवाई पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है, तो उन्होंने आभार जताते हुए कहा, "मैं बहुत थैंकफुल हूं, बहुत ही... और मैं यही चाह रहा था कि मुझे अपना पक्ष रखने का सौभाग्य मिल जाए. और वो मुझे अलाउ हुआ और मुझे अपना पक्ष रखने का सौभाग्य दिया, उसके लिए सुप्रीम कोर्ट को शत-शत नमन."
बकाये राशि के भुगतान और आगामी तारीख के बारे में पूछे जाने पर अभिनेता ने स्पष्ट किया कि कोर्ट के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा. उन्होंने कहा, "वो 13 को भी करेंगे और आगे जो भी माननीय कोर्ट आदेश करेगा, वो भी करेंगे. कहीं कोई दिक्कत नहीं है हमारी तरफ से." इसके साथ ही उन्होंने न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा, "होगा वो सर्वोपरि होगा, मेरा यह विश्वास है कि सत्य-सत्य होगा, असत्य-असत्य होगा."
कोर्ट के निर्देशों पर बोले एक्टर
बातचीत के दौरान जब उनसे पैतृक संपत्ति को लेकर कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने मित्र आनंद प्रकाश यादव का विशेष रूप से धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, "नहीं, उसमें तो हमारे... थैंक्स टू आनंद प्रकाश यादव, कि जिन्होंने... जो जमीन के बिहाफ पर... पैसे हमारे साथ में जमा करने का जो सहयोग दिया है, उनका बहुत-बहुत धन्यवाद."
राजपाल यादव के इस बयान से साफ जाहिर होता है कि कानूनी अड़चनों के बीच सुप्रीम कोर्ट से मिले इस अवसर और दोस्तों के सहयोग से उन्हें बड़ी राहत मिली है, और वह इस कानूनी लड़ाई में पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें | राजपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट के सामने जोड़े हाथ, बोले- 17 करोड़ रुपए डूब चुके अब जब चाहे जहां भी भेज दें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं