भारतीय सिनेमा की पैन-इंडिया स्टार रश्मिका मंदाना एक बार फिर अपने नेक काम की वजह से सुर्खियों में हैं. बड़े पर्दे पर अपनी शानदार अदाकारी से लाखों दिलों पर राज करने वाली रश्मिका ने अब अपनी दरियादिली से लोगों का दिल जीत लिया है. अभिनेत्री ने एक बेहद भावुक और सराहनीय पहल करते हुए 400 परिवारों को गोद लिया है. इस पहल के तहत वह अगले एक साल तक हर बार तीन महीने के लिए इन परिवारों के राशन और किराने के खर्च में मदद करेंगी, ताकि वे अपने पैसे बचाकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें.
रश्मिका का यह कदम जरूरतमंद परिवारों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक बड़ी पहल है. खास बात यह है कि अभिनेत्री ने इस नेक काम को ‘रश्मिका देवरकोंडा' के नाम से आगे बढ़ाने का फैसला किया है.
अलग-अलग भाषाओं और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाली रश्मिका ने इस पहल के जरिए अपने उन मूल्यों की झलक दिखाई है, जो हमेशा उनके दिल के करीब रहे हैं. अभिनेत्री ने अपनी फिल्म रणबाली में निभाए किरदार जयम्मा का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो उन्हें निभाने वाले कलाकारों की जिंदगी और सोच पर भी गहरा असर डालते हैं. रश्मिका का मानना है कि उनका यह कदम उसी सोच और भावना का हिस्सा है. वह चाहती हैं कि उनके इस प्रयास से प्रेरित होकर दूसरे लोग भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं.
सोशल मीडिया पर साझा किया पोस्ट
रश्मिका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अब तक अपने इन नेक कामों को निजी रखना ही पसंद किया था. लेकिन अब वह इनके बारे में इसलिए बता रही हैं, ताकि उनके प्रशंसक और दूसरे लोग भी इससे प्रेरित होकर अपनी क्षमता के अनुसार किसी की मदद कर सकें. एक्ट्रेस ने कहा, “आप जो किरदार निभाते हैं, उनमें से कुछ का असर आप पर भी पड़ता है. आपमें से कई लोग पूछते रहते हैं कि क्या जयम्मा और मुझमें कोई समानता है? मेरा जवाब है, हां! और यह उनमें से एक है. यह हमेशा से मेरा हिस्सा रहा है और जयम्मा का भी.
मैं आपके प्यार के बदले हमेशा ऐसे काम करती रहूंगी. लेकिन पहले मैं इन चीजों को सबसे छिपाकर रखती थी, क्योंकि मुझे लगता था कि अगर मुझे, मेरी टीम और हममें से कुछ लोगों को इसके बारे में पता है, तो इतना ही काफी है. लेकिन अब मैं इसके बारे में खुलकर बात कर रही हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि अगर इससे आप सभी को भी ऐसा कुछ करने की प्रेरणा मिलती है, तो मुझे बहुत खुशी होगी.
आज मैंने 400 परिवारों को गोद लिया है. मैं एक बार में 400 परिवारों की तीन महीने तक मदद करना चाहती हूं और अगले एक साल तक इस सिलसिले को जारी रखना चाहती हूं. मेरी उम्मीद है कि इन परिवारों के किराने और राशन पर होने वाला खर्च बच सकेगा और वे उस पैसे का इस्तेमाल अपनी बचत करने और अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने में कर पाएंगे.
दया का एक छोटा-सा काम भी किसी की जिंदगी बदल सकता है और इसके लिए कुछ बहुत बड़ा करना जरूरी नहीं है. आइए, हम सभी किसी छोटी-सी पहल से शुरुआत करें! और यकीन मानिए, इन चेहरों की मुस्कान मेरे लिए उन तमाम रातों के जागने, चोटों, संघर्षों, दर्द, आंसुओं और उन सभी मुश्किलों से कहीं ज्यादा कीमती है, जिनसे मुझे अपने कामकाजी वर्षों के दौरान गुजरना पड़ा है. यह अनमोल है!”
रश्मिका के लिए परिवारों की मुस्कान ही सबसे बड़ा इनाम
रश्मिका मंदाना आज भारतीय सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में से एक हैं. उनकी लोकप्रियता फिल्मों, फैशन और बॉक्स ऑफिस की सफलता तक ही सीमित नहीं है. 400 परिवारों की मदद करने की यह पहल दिखाती है कि वह अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी करना चाहती हैं. अब तक अपने इन प्रयासों को निजी रखने वाली रश्मिका ने इन्हें सार्वजनिक करने का फैसला इसलिए किया है, ताकि दूसरे लोग भी अपने आसपास जरूरतमंदों की मदद करने के लिए प्रेरित हों.
रश्मिका के लिए इस पहल का सबसे बड़ा इनाम किसी तरह की पहचान या तारीफ नहीं, बल्कि उन परिवारों के चेहरों पर आने वाली मुस्कान है, जिनकी जिंदगी में वह थोड़ा-सा सुकून लाने की कोशिश कर रही हैं उनका संदेश भी बेहद सरल और दिल को छू लेने वाला है- किसी की जिंदगी में बदलाव लाने के लिए हमेशा कुछ बहुत बड़ा करने की जरूरत नहीं होती. कभी-कभी एक छोटी-सी मदद भी किसी के भविष्य को बेहतर बनाने की शुरुआत बन सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं