90 के दशक में बॉलीवुड में कई ऐसे गाने बने, जिन्हें आज भी सुनने पर पुराने दिनों की याद आ जाती है. ऐसा ही एक गाना साल 1996 में आई फिल्म ‘जीत' का है, जिसके बोल हैं ‘दिल का क्या करें साहिब'. इस गाने में अभिनेत्री तब्बू अपने खूबसूरत अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचती नजर आई थीं. उस वक्त तब्बू महज 24 साल की थीं. खास बात यह है कि इस गाने का नाता मशहूर पाकिस्तानी गायक नुसरत फतेह अली खान की एक लोकप्रिय कव्वाली से भी जुड़ा है. कविता कृष्णमूर्ति की सुरीली आवाज ने इसे अलग पहचान दी.
नुसरत फतेह अली खान की कव्वाली से प्रेरित था गाना
फिल्म ‘जीत' का यह गाना अपनी धुन और गायकी के लिए आज भी पसंद किया जाता है. इसे कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था. गाने का संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया था और इसके बोल समीर ने लिखे थे. इस गाने की खास बात इसका नुसरत फतेह अली खान से जुड़ाव है. दरअसल, ‘दिल का क्या करें साहिब' उनकी कव्वाली ‘दिल पे जख्म खाते हैं' से प्रेरित था. फिल्म में इस गाने को नए अंदाज में पेश किया गया था. गाने में तब्बू के साथ सनी देओल भी नजर आए थे. इसकी धुन में कव्वाली का रंग और कविता कृष्णमूर्ति की आवाज का जादू साफ सुनाई देता है.
क्या थी फिल्म ‘जीत' की कहानी
23 अगस्त 1996 को रिलीज हुई फिल्म ‘जीत' का निर्देशन राज कंवर ने किया था और इसे साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में सनी देओल, सलमान खान, करिश्मा कपूर, तब्बू और अमरीश पुरी अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म की कहानी करण (सनी देओल) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अंडरवर्ल्ड डॉन गजराज के लिए काम करता है. करण को काजल (करिश्मा कपूर) से प्यार हो जाता है, लेकिन काजल की जिंदगी में राजू (सलमान खान) भी है. कहानी प्यार, दुश्मनी और कुर्बानी के बीच आगे बढ़ती है. वहीं, तब्बू ने फिल्म में तुलसीबाई का किरदार निभाया था.
बॉक्स ऑफिस पर भी ‘जीत' को शानदार कामयाबी मिली थी. बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म को सुपरहिट घोषित किया गया था. इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 30.9 करोड़ रुपये रहा था. फिल्म के गानों ने भी इसकी लोकप्रियता बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई थी. ‘यारा ओ यारा' और ‘तू धरती पे चाहे जहां भी' जैसे गाने भी खूब पसंद किए गए.
ये भी पढ़ें: 10 महीने से वायरल है खेसारी लाल यादव का ये गाना, शिल्पी राज के साथ मिलकर उड़ाया था गर्दा, मिले 5 करोड़ व्यूज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं