नुसरत भरुचा काम और छुट्टियों के सिलसिले में बाली गई थीं, जहां दुर्भाग्यवश उनका एक हादसा हो गया और उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया. इसके चलते फैंस को उनकी चिंता हो रही है. हालांकि अब नुसरत भरूचा की टीम और पब्लिसिस्ट संचिता त्रिवेदी ने एक्ट्रेस का हेल्थ अपडेट शेयर किया है. उन्होंने बताया कि फिलहाल नुसरत बाली के एक अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं. डॉक्टरों द्वारा आगे की जांच और मूल्यांकन के बाद नुशरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी.
नुसरत भरूचा को लाया जाएगा मुंबई
आगे उन्होंने कहा, इस समय हमारी सबसे पहली प्राथमिकता नुशरत का स्वास्थ्य और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. हम उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की व्यवस्था कर रहे हैं, जहां उनकी सर्जरी की जाएगी. चोट की गंभीरता और सर्जरी को देखते हुए नुसरत को आराम और स्वस्थ होने के लिए पर्याप्त समय की आवश्यकता होगी. ऐसे में आने वाले कुछ हफ्तों के लिए उनकी पेशेवर प्रतिबद्धताएं प्रभावित होने की संभावना है.
ये भी पढे़ं- Gen z आशिकों की प्लेलिस्ट है ये 9 गानों की फिल्म, अरिजीत, श्रेया, अंकित, पलक, तुलसी, मुस्तफा ने बनाया क्लासिक
आगे टीम ने कहा, हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस समय उनकी निजता का सम्मान करें और उन्हें अपने इलाज और स्वास्थ्य लाभ पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आवश्यक समय और स्थान दें. नुसरत के लिए चिंता और शुभकामनाएं व्यक्त करने वाले सभी लोगों के हम आभारी हैं. उचित समय पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी.
नुसरत भरूचा का वर्कफ्रंट
नुसरत भरूचा ने कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ की अगली फिल्म साइन कर ली है, जिसमें पहली बार दोनों की जोड़ी देखने को मिलेगी. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में पश्मीना रोशन, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव अहम किरदार में नजर आएंगे. हालांकि इससे पहले वह सोहम शाह की कॉमेडी थ्रिलर उफ्फ ये सियापा में नजर आई थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं