हर हफ्ते OTT पर कई नई फिल्में रिलीज होती हैं, लेकिन उनमें से बहुत कम ऐसी होती हैं जो आते ही लोगों की पहली पसंद बन जाएं. इन दिनों नेटफ्लिक्स पर एक ऐसी ही फिल्म ने धूम मचा रखी है. बड़े पर्दे पर शानदार कमाई करने के बाद अब इसने OTT पर भी वही कमाल दोहरा दिया है. रिलीज के महज 24 घंटे के अंदर ही फिल्म नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट में नंबर-1 पर पहुंच गई. सोशल मीडिया पर भी लोग इसकी जमकर चर्चा कर रहे हैं. अगर आप इस वीकेंड कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जिसमें एक्शन, इमोशन और खेल का रोमांच एक साथ मिले, तो ये फिल्म आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकती है.
ये भी पढ़ें; राजपाल यादव की 2 फिल्मों ने कमाए 440 करोड़, अब कोर्ट ने 7 मामलों में सुनाई 21 महीने की जेल, चुकाने होगी ये मोटी रकम
24 घंटे में बना नंबर-1
जिस फिल्म ने नेटफ्लिक्स पर आते ही नंबर-1 की जगह बना ली है, उसका नाम पेड्डी है. 9 जुलाई को OTT पर रिलीज हुई इस स्पोर्ट्स ड्रामा को पहले दिन से ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. थिएटर में करोड़ों रुपये की कमाई करने के बाद अब OTT पर भी फिल्म का क्रेज साफ देखने को मिल रहा है. रिलीज के सिर्फ एक दिन के भीतर ही ये नेटफ्लिक्स की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई.
बड़े सितारों ने बढ़ाया मजा
करीब 3 घंटे 7 मिनट लंबी इस फिल्म का डायरेक्शन बुची बाबू सना ने किया है. फिल्म में राम चरण, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा, शिव राजकुमार, जगपति बाबू और बोमन ईरानी अहम किरदारों में नजर आते हैं. एक्शन, स्पोर्ट्स और इमोशनल ड्रामा से भरपूर ये फिल्म शुरुआत से आखिर तक कहानी से जोड़े रखती है. यही वजह है कि OTT पर भी इसे शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है.
बॉक्स ऑफिस के बाद OTT पर भी कमाल
पेड्डी ने सिनेमाघरों में भी शानदार कमाई की थी. भारत में फिल्म ने 180 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन करीब 333 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. हिंदी में कमाई थोड़ी कम रही, लेकिन दूसरे देशों में फिल्म को अच्छा प्यार मिला. अब नेटफ्लिक्स पर भी ये लगातार ट्रेंड कर रही है.
इस फिल्म ने सबको क्यों छोड़ा पीछे
फिल्म की कहानी एक गांव में रहने वाले दिहाड़ी मजदूर की है, जिसके अंदर खेलों का जबरदस्त टैलेंट होता है. वो क्रिकेट भी खेलता है और पहलवानी भी करता है. अपने इसी हुनर के दम पर वो अपनी अलग पहचान बनाना चाहता है. साथ ही अपने गांव को आधिकारिक पहचान और रेलवे स्टेशन दिलाने के लिए भी पूरी ताकत लगा देता है. अगर आपने अब तक ये फिल्म नहीं देखी है, तो नेटफ्लिक्स पर इसे अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल कर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं