नेटफ्लिक्स ने ओटीटी के सबसे बड़े जॉम्बी यूनिवर्स 'द वॉकिंग डेड' के स्ट्रीमिंग राइट्स हासिल कर लिए हैं. एएमसी ग्लोबल मीडिया के साथ हुए पांच साल के समझौते के तहत नेटफ्लिक्स ने 500 मिलियन डॉलर (लगभग 4700 करोड़ रुपये) का भुगतान किया है. इस डील में ओरिजिनल सीरीज के साथ उसके छह स्पिन-ऑफ शामिल हैं, जिनके कुल 371 एपिसोड अब नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होंगे. मूल 'द वॉकिंग डेड' नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही थी. 2027 से पूरी फ्रैंचाइजी (सीरीज और सभी स्पिन-ऑफ) नेटफ्लिक्स पर ग्लोबल लेवल पर उपलब्ध होंगे. साथ ही यह एएमसी प्लस पर भी स्ट्रीम होगी, यानी अधिकार को-एक्सक्लूसिव होंगे.
जॉम्बी यूनिवर्स में सात सीरीज
स्पिन-ऑफ्स में शामिल हैं, फियर द वॉकिंग डेड, द वॉकिंग डेड: डैरिल डिक्सन, डेड सिटी, द वन्स हु लिव, वर्ल्ड बियॉन्ड और टेल्स ऑफ द वॉकिंग डेड. इन सभी को मिलाकर 371 एपिसोड का कलेक्शन बनता है. नेटफ्लिक्स की लाइसेंसिंग वाइस प्रेसिडेंट लोरी कॉनक्लिंग ने कहा, 'दर्शक लगभग 15 साल से नेटफ्लिक्स पर 'द वॉकिंग डेड' देख रहे हैं और यह अब भी नए फैंस आकर्षित कर रही है. हम पूरी वॉकिंग डेड यूनिवर्स को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए एक्साइटेड हैं.
2010 में शुरू हुआ था ये जॉम्बी यूनिवर्स
'द वॉकिंग डेड' सीरीज 2010 में शुरू हुई थी और जल्द ही दुनिया की सबसे लोकप्रिय जॉम्बी सीरीज बन गई. रिक ग्राइम्स (एंड्रयू लिंकन) और अन्य किरदारों की कहानी ने करोड़ों दर्शकों को बांधे रखा. बाद में कई स्पिन-ऑफ आए, जिनमें डैरिल डिक्सन (नॉर्मन रीडस) की कहानी खासतौर पर लोकप्रिय रही.

यह डील हाल के वर्षों की सबसे बड़ी टेलीविजन लाइसेंसिंग डील में से एक मानी जा रही है. नेटफ्लिक्स आम तौर पर एक्सक्लूसिव अधिकार लेना पसंद करता है, लेकिन इस बार को-एक्सक्लूसिव समझौता हुआ है. इससे दोनों प्लेटफॉर्म पर कंटेंट उपलब्ध रहेगा. अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूदा लाइसेंस खत्म होने के बाद 2027 से एपिसोड रोल आउट होने शुरू होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं