ट्रेलर लॉन्च होने से पहले ही नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रोल में, साई पल्लवी सीता के रोल में, यश रावण के रोल में और सनी देओल भगवान हनुमान के रोल में नजर आएंगे. हाल ही में नई दिल्ली में एक शानदार इवेंट में चुनिंदा दर्शकों के सामने इसकी झलक दिखाई गई. इस इवेंट में फिल्म की मुख्य कास्ट और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा शामिल हुए, जहां मीडिया और इंवाइटेड गेस्ट्स को फिल्म के ऑफिशियल ट्रेलर की पहली झलक दिखाई गई. लगभग चार मिनट का यह ट्रेलर 24 जुलाई को दुनिया भर में रिलीज किया जाएगा.
सिद्धार्थ आनंद ने की तारीफ
कुछ चुनिंदा फिल्ममेकर्स ने भी स्पेशल स्क्रीनिंग में फिल्म का ट्रेलर देखा और अब इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. फिल्ममेकर सिद्धार्थ आनंद ने X पर लिखा, "रामायण का ट्रेलर! दुनिया भर में इसकी चर्चा होगी और आप निराश नहीं होंगे. हां, यह बहुत भव्य और शानदार है और इसका दिल बिल्कुल सही जगह पर है. इसे पूरी तरह से महसूस करने के लिए मैंने इसे दो बार देखा. फिर भी और देखने का मन किया. दिवाली का इंतजार नहीं हो रहा."

एटली ने भी जमकर सराहा
डायरेक्टर एटली ने भी X पर ट्रेलर की तारीफ करते हुए लिखा, "#Ramayana ट्रेलर देखकर मैं पूरी तरह हैरान और प्रभावित हूं. @NamitMalhotra सर का विजन और @niteshtiwari22 सर की अद्भुत कलाकारी कमाल की है. @TheNameIsYash भाई अविश्वसनीय रूप से खतरनाक लग रहे हैं, रणबीर कपूर भाई शानदार लग रहे हैं और @Sai_Pallavi92 बहुत ही दिव्य लग रही हैं. हर फ्रेम भव्य, नया और जादुई लगता है. पूरी टीम को ब्लॉकबस्टर सफलता की शुभकामनाएं. यह सचमुच एपिक लग रही है."
यश ने की रणबीर-साई की तारीफ
पिछले शनिवार नई दिल्ली में हुए लॉन्च इवेंट में बोलते हुए, यश ने अपने को-स्टार्स की परफॉर्मेंस की तारीफ की. उन्होंने कहा, "रणबीर, तुमने कमाल का काम किया है. पूरा देश समझेगा कि तुमने किस तरह खुद को समर्पित किया और कैसा जादू रचा है. साई तो ज़ाहिर है, एक शानदार एक्ट्रेस हैं. जब वह सीता का रोल निभाती हैं, तो उनकी आंखें ही सब कुछ कह देती हैं." यश इस फिल्म मे रावण का किरदार निभा रहे हैं, साथ ही फिल्म को को प्रोड्यूस भी किया है.
दिवाली पर देख सकेंगे 'रामायण' पार्ट 1'
प्राइम फोकस स्टूडियोज द्वारा DNEG (आठ बार एकेडमी अवॉर्ड जीतने वाला विजुअल इफेक्ट्स और एनिमेशन स्टूडियो) और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर पेश की जा रही 'रामायण' में एकेडमी अवॉर्ड विजेता म्यूजिक कंपोजर हंस जिमर और ए.आर. रहमान का संगीत है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, शोभना, विवेक ओबेरॉय, काजल अग्रवाल, फैसल मलिक और अन्य कलाकार भी शामिल हैं. 'रामायण: पार्ट वन' दिवाली के मौके पर रिलीज होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं