सीजेपी और छात्र का आंदोलन धीरे-धीरे और बड़ा रूप लेता जा रहा है. छात्रों के समर्थन में फिल्मी सितारे जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. अब लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' में प्रधान जी का किरदार कर मशहूर हुए एक्टर रघुवीर यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर एक्टर का दर्द छलका और वह इमोशनल हो गए. रघुवीर यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपना एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें उन्होंने छात्रों के साथ हुए लाठीचार्ज पर दुख जाता और पुलिस पर गुस्सा जाहिर किया है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: खेसारी लाल यादव का CJP प्रोटेस्ट पर रिएक्शन, बोले- छात्रों के साथ जो हुआ उस पर चुप रहना मुश्किल
क्या बोले रघुबीर यादव
रघुवीर यादव ने इस घटना को मानवता के खिलाफ बताया और कहा कि मासूम बच्चों के साथ जो हुआ, उसे देखकर उनका दिल टूट गया है. रघुवीर यादव ने वीडियो में कहा, 'मुझे यकीन नहीं हो रहा कि इन छोटे-छोटे बच्चों को इतनी बेरहमी से मारा-पीटा गया. खाकी वर्दी पहनकर उन पर हाथ उठाया गया. यह सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है, बल्कि पूरी इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है.'
पुलिस पर निकाला गुस्सा
दिग्गज एक्टर ने आगे सवाल करते हुए पूछा, 'आखिर इन बच्चों का क्या कसूर था? वे सिर्फ अपनी आवाज उठा रहे थे.' रघुवीर यादव ने पुलिसकर्मियों के लिए तीखे शब्दों में कहा, 'अब जाओ, इस महीने की तनख्वाह ले लो, अपने बच्चों को रोटी खिलाओ और चैन की नींद सो जाओ. लेकिन पूरी सृष्टि और कायनात तुम्हें कभी माफ नहीं करेगी.' वीडियो के आखिरी में रघुवीर यादव पूरी तरह इमोशनल हो गए. उन्होंने प्रदर्शन में शामिल बच्चों की हिम्मत की तारीफ की और कहा, 'मेरे जिस्म का कतरा-कतरा इन बच्चों के साथ है. मैं उन्हें सलाम करता हूं. बच्चों, मैं तुम्हारे साथ हूं. तुमने जो साहस दिखाया है, मुझे पूरा भरोसा है कि तुम जरूर सफल होगे.'
पूरा मामला
आपको बता दें कि सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था. इसमें कुछ छात्रों और बच्चों पर लाठीचार्ज का आरोप लगा है. विपक्षी दलों ने इसकी तीखी आलोचना की है, जबकि सरकार ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए जांच का आश्वासन दिया है.इसके बाद से देश की कई बड़ी हस्तियां इस पूरे मामले में अपना रिएक्शन दे रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं