पाकिस्तानी सिंगर और एक्टर अली जफर ने 2010 की कॉमेडी फिल्म 'तेरे बिन लादेन' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था. हाल ही में उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान आए चैलेंजेस को याद किया. उन्होंने बताया कि जब शूटिंग पूरी होने में बस दो-तीन दिन ही बचे थे, तब मुंबई में 26/11 का आतंकी हमला हो गया. उस समय भारत में काम कर रहे एक पाकिस्तानी एक्टर होने के नाते, उनके करीबी लोगों ने उन्हें वापस घर लौट जाने की सलाह दी थी.
'सबने मुझसे वापस जाने को कहा'
वसीम अब्बास के पॉडकास्ट पर बात करते हुए अली ने बताया कि 'तेरे बिन लादेन' को अपनी पहली फिल्म के तौर पर चुनना अपने आप में एक साहसिक फैसला था, खासकर इसके टॉपिक और टाइटल को देखते हुए. शूटिंग के आखिरी दिनों में 26/11 के हमले के बाद हालात और भी मुश्किल हो गए थे.
उन्होंने कहा, "जब इसकी शूटिंग हो रही थी, तो यह काफी साहसिक टॉपिक था. एक पाकिस्तानी होकर भारत में काम करना और पहली ही फिल्म का नाम 'तेरे बिन लादेन' होना. जब मैं शूटिंग कर रहा था तभी 26/11 की घटना हो गई. शूटिंग पूरी होने में बस 2-3 दिन बचे थे. सबने मुझसे कहा कि वापस आ जाओ, लेकिन मेरा भी पक्का इरादा था कि मुझे यह प्रोजेक्ट पूरा करना है."
'मेकर्स को दो साल तक डिस्ट्रीब्यूटर नहीं मिले'
आखिरकार अली ने फिल्म का बचा हुआ हिस्सा पूरा कर लिया. हालांकि बड़े पर्दे तक पहुंचने का फिल्म का सफर अभी खत्म नहीं हुआ था. एक्टर के मुताबिक, मेकर्स ने लगभग दो साल तक डिस्ट्रीब्यूटर ढूंढे जबकि साथ ही वे फिल्म की एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन के दूसरे कामों पर भी काम करते रहे. उन्होंने कहा, "फिर हमने हैदराबाद फिल्म सिटी में बाकी की शूटिंग पूरी की और वापस लौट आए. दो साल तक वे फिल्म के लिए डिस्ट्रीब्यूटर ढूंढते रहे, एडिटिंग और बाकी काम करते रहे. आखिरकार जब 2010 में यह फिल्म रिलीज हुई तो इसे काफी तारीफ मिली."
सैटायर कॉमेडी थी 'तेरे बिन लादेन'
अभिषेक शर्मा के डायरेक्शन में बनी 'तेरे बिन लादेन' 2010 की एक सैटायरिकल कॉमेडी फिल्म है इसमें अली जफर, प्रद्युम्न सिंह और सुगंधा गर्ग ने काम किया है. फिल्म की कहानी अली हसन नाम के एक यंग पाकिस्तानी जर्नलिस्ट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अमेरिका जाने का सपना देखता है. जब उसे ओसामा बिन लादेन जैसा दिखने वाला एक आदमी मिलता है तो वह उसका का एक नकली वीडियो बनाने की प्लानिंग बनाता है. वह इस वीडियो को एक टीवी चैनल को बेचना चाहता है, ताकि उसे अपने अमेरिका जाने के सपने को पूरा करने के लिए पैसे मिल सकें.
यह भी पढ़ें: अर्जुन कपूर की जिंदगी में आया प्यार, मलाइका अरोड़ा के बाद इनसे जुड़े तार?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं