बॉलीवुड में दशकों तक स्टार बने रहना आसान नहीं होता. बड़े-बड़े सितारों के करियर में भी ऐसे दौर आते हैं जब सफलता उनसे दूर हो जाती है. लेकिन अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे मानती हैं कि हेमा मालिनी इस मामले में बिल्कुल अलग हैं. उनके मुताबिक, हर कलाकार के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन हेमा मालिनी का करियर ऐसा रहा जिसे देखकर लगता है कि सफलता ने कभी उनका साथ छोड़ा ही नहीं. हाल ही में 'द ड्रीम गर्ल डायमंड जुबली कॉन्सर्ट' के दौरान पद्मिनी ने हेमा मालिनी से जुड़ी कई दिलचस्प यादें शेयर कीं. इस दौरान उन्होंने न सिर्फ उनके शानदार करियर की तारीफ की, बल्कि बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट हेमा मालिनी के साथ काम करने के दिनों से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से भी साझा किए.
हेमा जी अपनी खूबसूरती का राज नहीं बताती
पद्मिनी का मानना है कि आज भी हेमा मालिनी को 'ड्रीम गर्ल' कहा जाता है तो उसके पीछे सिर्फ उनकी खूबसूरती नहीं, बल्कि उनका व्यक्तित्व, उनका अनुशासन और उनका शानदार करियर भी है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे आज तक हेमा मालिनी की खूबसूरती का राज जानना चाहती हैं, लेकिन हेमा जी वह राज किसी को बताती नहीं हैं. यही वजह है कि दशकों बाद भी 'ड्रीम गर्ल' का जादू बरकरार है.
ये भी पढ़ें- 'अल्लाह को मांस या खून की जरुरत नहीं' बकरीद पर कुर्बानी के खिलाफ रामायण के लक्ष्मण की बहू सारा खान का कमेंट
हेमा जी की ‘अम्मा' खास तरह का दूध बनाकर देती थीं
पद्मिनी कोल्हापुरे ने बताया कि उनका और हेमा मालिनी का रिश्ता बहुत पुराना है. उन्होंने कहा कि बचपन से ही दोनों परिवारों के बीच अच्छेसंबंध रहे हैं और वे हेमा मालिनी की मां को "अम्मा" कहकर बुलाती थीं. पद्मिनी ने यह भी याद किया कि उन्होंने बाल कलाकार के रूप में हेमा मालिनी के साथ फिल्म ड्रीम गर्ल में काम किया था. उन्होंने बताया कि जब वे हेमा मालिनी के साथ काम कर रही थीं, तब हफ्ते में कम से कम एक बार उनके घर जाना होता था. वहां हेमा मालिनी की मां उन्हें एक खास तरह से बनाया हुआ झागवाला दूध का गिलास देती थीं. पद्मिनी ने हंसते हुए कहा कि वह दूध उन्हें इतना पसंद था कि वे उसकी "एडिक्ट" हो गई थीं. उन्हें हमेशा उस दूध का इंतजार रहता था. यह छोटी-सी याद आज भी उनके दिल के बेहद करीब है.
हेमा जी के करियर में शायद डाउन आया ही नहीं
हेमा मालिनी की सफलता पर बात करते हुए पद्मिनी ने कहा कि हर कलाकार के जीवन में अप्स एंड डाउन आते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि हेमा जी के साथ ऐसा शायद कभी हुआ ही नहीं. उनका करियर ग्राफ लगातार ऊपर जाता रहा. वे जिस मुकाम पर पहुंचीं, वहां तक पहुंचना ही मुश्किल है, लेकिन उससे भी बड़ी बात यह है कि उन्होंने उस मुकाम को लंबे समय तक बनाए रखा. पद्मिनी ने कहा कि हेमा मालिनी की लोकप्रियता और स्टारडम कई पीढ़ियों तक कायम रहा..
पद्मिनी कोल्हापुरे ने हेमा मालिनी के स्वभाव की भी जमकर तारीफ की. उनके मुताबिक, जितनी ऊंचाई उन्होंने अपने करियर में हासिल की, उतनी ही विनम्र भी बनी रहीं. यही वजह है कि आज भी लोग उन्हें उसी प्यार और सम्मान से देखते हैं, जैसा दशकों पहले देखा करते थे.
ये भी पढ़ें- कौन है 33 साल का युधवीर अहलावत, बना भारत का मोस्ट पॉपुलर एक्टर, CM विजय,ऐश्वर्या राय, शाहरुख खान को पछाड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं