कन्नड़ सिनेमा की बेहद चर्चित क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘सेकंड केस ऑफ सीताराम' (Second Case of Seetharam) दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है. फरवरी 2026 में रिलीज हुई यह फिल्म अब भी ओटीटी पर टॉप 10 में जगह बनाए हुए है. फिल्म अमेजन प्राइम पर ट्रेंड कर रही है. हाल में जारी हुई टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट में ये फिल्म छठे नंबर पर है. फिल्म में इंस्पेक्टर सीताराम की नई और पहले से ज्यादा पेचीदा जांच की कहानी दिखाई गई है. कलाकारों के अदाकारी और पावरफुल डायरेक्शन की खूब तारीफ हो रही है.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी इंस्पेक्टर सीताराम के इर्द-गिर्द घूमती है. सीताराम एनेगड्डे इलाके में पुलिस अधिकारी के तौर पर तैनात है. पहली नजर में तो सब ठीक लगता है लेकिन अचानक उस क्षेत्र में एक के बाद एक हत्याओं का सिलसिला शुरू हो जाता है. जांच आगे बढ़ती है तो पोस्टमार्टम और दूसरे सुरागों से संकेत मिलता है कि इन हत्याओं के पीछे कोई बेहद खतरनाक और मानसिक रूप से अस्थिर सीरियल किलर हो सकता है. सीताराम के सामने चुनौती न सिर्फ हत्यारे को पकड़ने की है, बल्कि उन सभी प्वाइंट्स को जोड़ने की है, जो इन मामले को अतीत के रहस्य से जोड़ती है.
इन एक्टर्स ने डाली जान
फिल्म में विजय राघवेंद्र लीड रोल में हैं. उन्होंने इंस्पेक्टर सीताराम का रोल निभाया है. उनके साथ गोपलकृष्ण देशपांडे, सागर पुराणिक और उषा भंडारी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म को देवीप्रसाद शेट्टी ने डायरेक्ट किया है. यह फिल्म 2021 में आई ‘सीताराम बेनोय केस नंबर 18' का दूसरा पार्ट है.
फिल्म दर्शकों की बनी फेवरेट
'सेकंड केस ऑफ सीताराम' सिनेमाघरों में 20 फरवरी 2026 को रिलीज हुई थी. बाद में फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज किया गया. फिल्म की अवधि करीब 1 घंटा 56 मिनट है. फिल्म को लेकर क्रिटिक्स की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही है. विजय राघवेंद्र की बैलेंस्ड एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई. वहीं कुछ क्रिटिक्स ने कहानी की रफ्तार पर सवाल उठाए. कुल मिलाकर यह फिल्म उन दर्शकों के लिए है जिन्हें क्राइम, मर्डर मिस्ट्री और स्लो-बर्न सस्पेंस थ्रिलर देखना पसंद है. ऐसे दर्शकों को फिल्म खूब पसंद आ रही है और ओटीटी पर ट्रेंड कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं