सिनेमाघरों में अक्सर बड़ी स्टार कास्ट और भारी बजट वाली फिल्मों का दबदबा देखने को मिलता है, लेकिन कभी-कभी कोई छोटी फिल्म अपनी कहानी और कंटेंट के दम पर ऐसा कमाल कर देती है कि बड़े-बड़े सितारों की फिल्में भी पीछे छूट जाती हैं. ऐसी ही एक फिल्म है ‘हनुमान अंश', जो नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है. करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने शुरुआत में बेहद धीमी रफ्तार पकड़ी. पहले दो हफ्तों में दर्शकों की कमी के कारण इसके शो भी सीमित हो गए थे. लेकिन सोशल मीडिया पर तारीफ और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने तीसरे हफ्ते में इसकी किस्मत ही बदल दी. फिल्म ने ऐसा कमबैक किया कि अब इसकी कमाई 18 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है.
पहले नहीं मिली ऑडियंस, शो भी हुए सीमित
‘हनुमान अंश' की शुरुआत महज करीब 10 लाख रुपये की ओपनिंग से हुई थी. पहले सप्ताह में फिल्म ने लगभग 1.08 करोड़ रुपये कमाए, जबकि दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई सिर्फ 40 लाख रुपये रही. यानी शुरुआती 14 दिनों में फिल्म लगभग 1.5 करोड़ रुपये ही जुटा सकी. ऐसे में कम दर्शकों की वजह से कई जगहों पर फिल्म के शो सीमित हो गए और इसे स्क्रीन के मामले में बड़ी फिल्मों से मुकाबला करना पड़ा. हालांकि फिल्म पूरी तरह सिनेमाघरों से बाहर नहीं हुई थी. बाद में दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ने के साथ इसे दोबारा ज्यादा शो मिलने लगे.
तीसरे हफ्ते में अचानक पलट गया पूरा खेल
फिल्म के लिए असली बदलाव तीसरे हफ्ते में आया. सोशल मीडिया पर दर्शकों ने फिल्म की कहानी और आध्यात्मिक विषय की तारीफ करनी शुरू की और धीरे-धीरे इसका वर्ड ऑफ माउथ मजबूत होता गया. इसका सीधा असर बॉक्स ऑफिस पर दिखाई दिया. तीसरे हफ्ते में फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया. 22वें दिन तो इसने लगभग 6.50 करोड़ रुपये का सिंगल-डे कलेक्शन कर डाला. इसके साथ भारत में फिल्म की नेट कमाई करीब 18.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.
2 करोड़ की फिल्म ने कमाया 819% प्रॉफिट
रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘हनुमान अंश' का बजट करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये है. ऐसे में 18 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन फिल्म के लिए बेहद बड़ी उपलब्धि है. 2 करोड़ रुपये की लागत के मुकाबले 18.38 करोड़ रुपये की कमाई पर करीब 16.38 करोड़ रुपये का अंतर बैठता है, जिसे लागत के मुकाबले लगभग 819 प्रतिशत रिटर्न के तौर पर बताया जा रहा है.
फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी हैं और इसमें शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा का किरदार निभाया है. खास बात यह भी है कि मेकर्स के पास बड़े प्रमोशन का बजट नहीं था. इसलिए उन्होंने आठ भंडारों के जरिए फिल्म और नीम करौली बाबा के संदेश को लोगों तक पहुंचाया. फिल्म की कहानी के साथ यह अनोखा प्रमोशन भी दर्शकों तक पहुंचने में मददगार साबित हुआ.
इस तरह जिस फिल्म को शुरुआत में सीमित दर्शक और कम शो मिले, वही तीसरे हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर ऐसी दौड़ी कि इसकी कमाई देखकर ट्रेड जगत भी हैरान रह गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं