नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही यह फिल्म चर्चा में है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म के भव्य विजुअल्स और जबरदस्त स्पेशल इफेक्ट्स की खूब चर्चा हो रही है. हालांकि, दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना को फिल्म में दिखाया गया श्रीराम का अंदाज पसंद नहीं आया. उन्होंने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस और स्पेशल इफेक्ट्स पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान राम को ‘मैन ऑफ एक्शन' की तरह दिखाया गया है, जबकि उनकी पहचान मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में है.
श्रीराम को बना दिया एक्शन हीरो
हाल ही में ‘बॉलीवुड नाउ' से बातचीत में मुकेश खन्ना ने कहा कि फिल्म में श्रीराम को एक धनुर्धर के रूप में दिखाना गलत नहीं है, लेकिन उनके एक्शन को जिस तरह पेश किया गया है, वह उन्हें ठीक नहीं लगा. उन्होंने कहा कि उन्होंने काफी रामायण पढ़ी है और रामलीला भी देखी है, लेकिन श्रीराम को इस तरह पेड़ों पर चढ़कर तीर चलाते हुए कभी नहीं देखा.
मुकेश खन्ना ने कहा कि फिल्म में श्रीराम को सलमान खान, अमिताभ बच्चन और रजनीकांत जैसा बना दिया गया है. उन्होंने कहा कि राम ‘मर्यादा पुरुषोत्तम' हैं और उनका व्यक्तित्व गरिमा वाला था. उनके मुताबिक, श्रीराम इस तरह से लड़ाई नहीं करते थे, जैसे किसी एक्शन फिल्म के हीरो को दिखाया जाता है.
‘क्लिंट ईस्टवुड बना दिया'
मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि फिल्म में रामजी को ‘मैन ऑफ एक्शन' और यहां तक कि ‘क्लिंट ईस्टवुड' जैसा बना दिया गया है. उनका कहना है कि रामायण जैसी कहानी को पर्दे पर दिखाते समय सिर्फ भव्यता और एक्शन पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि भगवान राम की छवि और भारतीय दर्शकों की आस्था का भी ध्यान रखना चाहिए.
स्पेशल इफेक्ट्स पर भी उठाए सवाल
मुकेश खन्ना ने फिल्म में इस्तेमाल किए गए भारी स्पेशल इफेक्ट्स पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि विदेशों में दर्शक शायद इसे ‘स्टार वॉर्स' जैसी फिल्म से जोड़कर देखें, लेकिन भारत में भगवान राम की छवि लोगों की आस्था से जुड़ी है. इसलिए फिल्म में राम को सम्मान और गरिमा के साथ दिखाना जरूरी है.
4000 करोड़ रुपये का बजट
‘रामायण' को बेहद बड़े स्तर पर बनाया जा रहा है. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म के दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 500 मिलियन डॉलर यानी 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा है. फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी. पहला भाग अक्टूबर 2026 में दिवाली से पहले और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने की योजना है. फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे और यश अहम भूमिकाओं में हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं