विज्ञापन

अजय देवगन की 'चौहान' के टीजर पर मोहम्मद जीशान अय्यूब ने तोड़ी चुप्पी, कहा- 'मेरा इस फिल्म से कोई लेना-देना नहीं'

अजय देवगन की आने वाली फिल्म 'चौहान' के टीजर पर हुए विवाद को लेकर के अब हफ्तों बाद मोहम्मद जीशान अय्यूब ने पूरी तरह से अपना पल्ला झाड़ लिया है. उन्होंने फिल्म से जुड़े होने पर क्या कहा, यहां जानिए.

अजय देवगन की 'चौहान' के टीजर पर मोहम्मद जीशान अय्यूब ने तोड़ी चुप्पी, कहा- 'मेरा इस फिल्म से कोई लेना-देना नहीं'
अजय देवगन की चौहान टीजर विवाद पर तोड़ी चु्प्पी, जीशान अय्यूब ने कही ये बात
Social Media
नई दिल्ली:

अजय देवगन की फिल्म 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर चांदी काट रही है. वहीं उनकी फिल्म 'चौहान' के टीजर को लेकर फिर से एक कंट्रोवर्सी सामने आई है. दरअसल अब से 3 हफ्ते पहले जब ये टीजर रिलीज हुआ था तब भी इसको लेकर कई तरह के विवाद हुए थे. प्रोमो के कंटेंट पर चौहान समुदाय और क्षत्रिय परिषद ने आपत्ति जताई थी. जिसके बाद फिल्म मेकर्स ने टीजर में कुछ बदलाव किए थे. अब इस टीजर पर एक्टर मोहम्मद जीशान अय्यूब ने भी हफ्तों बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है. 

'मेरा चौहान से कोई लेना-देना नहीं'

एक्टर मोहम्मद जीशान अय्यूब ने कहा है कि अजय देवगन की आने वाली फ़िल्म 'चौहान' से उनका कोई लेना-देना नहीं है. फिल्म का टीजर आने के कुछ हफ्ते बाद यह बात सामने आई है. अय्यूब ने बताया कि टीजर की शुरुआती लाइन उनकी आवाज में थी, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने मेकर्स के लिए कई महीने पहले सिर्फ एक लाइन रिकॉर्ड की थी. उन्हें न तो इस बारे में कुछ बताया गया था और न ही कोई विज़ुअल रेफरेंस दिखाया गया था.

इस विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए अय्यूब ने फिल्म का सीधे तौर पर जिक्र करने से परहेज किया और लिखा, 'कुछ हफ्ते पहले, एक फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था जिसमें शुरुआती लाइन मेरी आवाज में थी. मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मैं किसी भी तरह से इस फिल्म का हिस्सा नहीं हूं. कुछ महीने पहले मुझसे बिना किसी संदर्भ के एक लाइन को डब करने के लिए कहा गया था. मैंने ऐसा करने के लिए बिना ज्यादा सवाल किए और अच्छे इरादे से किया था.'

पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा, 'जैसे ही टीजर रिलीज हुआ और मैंने देखा कि मेरी आवाज का किस तरह से इस्तेमाल किया गया है, मैंने फिल्म मेकर्स से टीजर से अपनी आवाज हटाने को कहा, क्योंकि मेरा इस फिल्म से कोई लेना-देना नहीं है. जिसके बाद मेकर्स ने पंद्रह दिन पहले ही टीजर से मेरी आवाज हटा दी.'

ये भी पढ़ें: 61 साल पहले डाकुओं की फिल्म में 2 शेर से ही बन गया सदाबहार गीत, मीना कुमारी और राजकुमार की दिलकश केमेस्ट्री ने बनाया अमर

अय्यूब ने अपनी पोस्ट में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा, 'हालांकि इससे एक कलाकार के तौर पर मेरा रुख साफ हो जाएगा कि मैं कभी भी ऐसे किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनूंगा, लेकिन हमारा पूरा ध्यान देश के मौजूदा हालात पर होना चाहिए, जहां हमारे युवा और निडर छात्र सड़कों पर उतरकर बहादुरी से लड़ रहे हैं. उनके प्रेरणादायक जज्बे को सलाम. जय हिंद, जय संविधान."

एक्शन हीरो फिर से वापस

टाइटल अनाउंसमेंट टीजर में अजय देवगन एक जबरदस्त एक्शन रोल में नजर आए हैं. इसकी शुरुआत कश्मीर में दशकों से चल रही अशांति पर एक मोनोलॉग से हुई, जिसमें 75 साल के टकराव, भारी फौज जो वहां पर तैनात होने के बाद भी कई समस्याओं का हल नहीं निकाला जा सका. इसके बाद क्लिप में यह लाइन आती है, 'पठान से कह देना, चौहान आ रहा है,' जिससे बाद अजय देवगन सामने आते हैं.

फिल्म के बारे में

'चौहान'  फिल्म का डायरेक्शन नीरज यादव ने किया है और इसे जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शन्स के बैनर में ज्योति देशपांडे, आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. अजय देवगन और आनंद एल राय की ये फिल्म पहला कोलैबोरेशन है. फिल्म 1 अक्टूबर, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Entertainment, Bollywood, Ajay Devgn, Ajay Devgn Controversies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com