विज्ञापन

कौन हैं डिस्को शांति? 14 साल में की 900 फिल्में, बेटी को खोया, पति की मौत ने बदली जिंदगी, स्टारडम देख हुईं गायब, 61 की उम्र में कमबैक!

14 साल में 900 से ज्यादा फिल्मों में काम कर बड़ी स्टार बनीं डिस्को शांति ने शादी के बाद इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी.

कौन हैं डिस्को शांति? 14 साल में की 900 फिल्में, बेटी को खोया, पति की मौत ने बदली जिंदगी, स्टारडम देख हुईं गायब, 61 की उम्र में कमबैक!
डिस्को शांति 61 की उम्र में फिल्मों में कर रहीं कमबैक

‘बाबूमोशाय, जिंदगी बड़ी होनी चाहिए, लंबी नहीं…' फिल्म ‘आनंद' का यह मशहूर डायलॉग कई ऐसी शख्सियतों की कहानी बयां करता है, जिन्होंने कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली. साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस और डांसर डिस्को शांति भी उन्हीं में से एक हैं. जिस दौर में फिल्मों में ‘आइटम नंबर' शब्द आम नहीं था, उस समय उन्होंने अपने खास डांस और ग्लैमरस अंदाज से दर्शकों के बीच पहचान बनाई. तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी और ओडिया फिल्मों में नजर आईं डिस्को शांति ने बेहद कम समय में इंडस्ट्री में बड़ा नाम कमाया और फिर शादी के बाद अचानक फिल्मों से दूरी बना ली.

14 साल में 900 से ज्यादा फिल्मों का सफर

डिस्को शांति का असली नाम संथा कुमारी है. उनका जन्म 1965 में मद्रास में हुआ था. उन्होंने बहुत कम उम्र में फिल्मी दुनिया का रुख कर लिया था. साल 1983 से 1997 के बीच उनका करियर काफी सक्रिय रहा. इस दौरान उन्होंने कई भाषाओं की फिल्मों में अभिनय के साथ-साथ स्पेशल डांस परफॉर्मेंस भी कीं. बताया जाता है कि अपने करीब 14 साल के करियर में उन्होंने 900 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उस दौर में उनके डांस नंबर खास तौर पर लोकप्रिय हुआ करते थे. डिस्को शांति फिल्म अभिनेता सी. एल. आनंदन की बेटी हैं. उनकी छोटी बहन ललिता कुमारी भी अभिनेत्री रही हैं.

श्रीहरि से शादी के बाद फिल्मों से बनाई दूरी

डिस्को शांति की निजी जिंदगी में बड़ा बदलाव साल 1996 में आया, जब उन्होंने तेलुगु अभिनेता श्रीहरि से शादी कर ली. शादी के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली और परिवार पर ध्यान देने लगीं. दोनों के दो बेटे और एक बेटी थी. हालांकि उनकी बेटी अक्षरा की महज चार महीने की उम्र में मौत हो गई. बेटी की याद में परिवार ने अक्षरा फाउंडेशन की शुरुआत की. यह संस्था बच्चों की शिक्षा और तकनीक आधारित शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करती है.

पति की मौत के बाद अब वापसी की चर्चा

श्रीहरि का निधन साल 2013 में हुआ था. वह फिल्म ‘आर… राजकुमार' की शूटिंग कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. बाद में उनका निधन हो गया. फिल्मों से करीब तीन दशक दूर रहने के बाद अब डिस्को शांति एक बार फिर चर्चा में हैं. 60 की उम्र के आसपास पहुंच चुकीं अभिनेत्री ने हाल में स्क्रीन पर लौटने की संभावना को लेकर बात की है. ऐसे में उनके फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि क्या कभी पर्दे पर अपनी खास पहचान बनाने वाली डिस्को शांति दोबारा फिल्मों में नजर आएंगी.

यह भी पढ़ें: 27 साल पुराना वो गाना, तब्बू, करिश्मा, सोनाली बनीं राधा, अलका-अनुराधा-कविता की आवाज का ऐसा हुआ संगम, बना हर फैमिली फेवरेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com