छह साल पहले रिलीज हुई फिल्म 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' सिर्फ एक बायोग्राफिकल ड्रामा नहीं थी, बल्कि सच्चाई के साथ भावनाओं का ऐसा संगम है, जो आज भी दर्शकों के दिलों को छूता है. फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना की जिंदगी से प्रेरित यह फिल्म साहस, संघर्ष और भावनाओं को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर पेश करती है. फिल्म में कई ऐसे दृश्य हैं, जिनमें परिवार के साथ बिताए भावुक पलों से लेकर कारगिल युद्ध के दौरान खतरनाक मिशन शामिल हैं, जो आज भी इसकी कहानी की ख़ास पहचान बने हुए हैं. तो आइए एक नजर डालते हैं फिल्म के ऐसे ही उन चुनिंदा छह यादगार दृश्यों पर, जो आज भी दर्शकों को प्रेरित करते हैं.
1. 'मैं पायलट बनूंगी' - एक सपना
फिल्म का सबसे प्यारा और यादगार पल तब आता है, जब छोटी गुंजन अपने परिवार के सामने पायलट बनने की इच्छा जाहिर करती है. जहां कुछ लोग उसके सपने को एक लड़की के लिए असंभव मानते हैं, वहीं उसके पिता उसका हौसला बढ़ाते हैं. यह दृश्य पूरी कहानी की नींव रखता है और दिखाता है कि हर बड़ी उपलब्धि की शुरुआत एक ऐसे सपने से होती है, जिसे देखने की हिम्मत हर कोई नहीं करता.
2. अनूप कुमार सक्सेना की सीख
पंकज त्रिपाठी द्वारा निभाया गया किरदार अनूप कुमार सक्सेना फिल्म के सबसे यादगार पिता के किरदारों में से एक है. वह गुंजन को दूसरों से खुद को बेहतर साबित करने की बजाय अपने काम में सर्वश्रेष्ठ बनने पर ध्यान देने की सीख देते हैं. उनके यही शब्द आगे चलकर गुंजन के लिए मार्गदर्शन बन जाते हैं. यह पल उस पिता के अटूट भरोसे को दर्शाता है, जो समाज की सोच को अपनी बेटी की काबिलियत के आड़े नहीं आने देता.
3. 'कॉकपिट महिलाओं के लिए नहीं है' – भेदभाव के खिलाफ संघर्ष
फिल्म में दिखाया गया है कि एयरफोर्स में शामिल होने के बाद एक महिला होने के नाते गुंजन को कई तरह के लैंगिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है. उनके कुछ पुरुष सहकर्मी जहां उन्हें अपने बीच स्वीकार ही नहीं करते, वहीं उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है. हालांकि बार-बार अपनी काबिलियत पर उठ रहे सवालों से भी गुंजन का हौंसला कम नहीं होता. वे लोगों की बातों से टूटने की बजाय चुपचाप अपने लक्ष्य पर ध्यान देती हैं. हालांकि ये दृश्य उस दौर में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को जिस तरह प्रभावी ढंग से सामने रखते हैं, उससे उनकी सफलता और भी खास बन जाती है.
4. डर के बावजूद ड्यूटी को चुनना
ट्रेनिंग और सैन्य जिम्मेदारियों के दौरान गुंजन को कई बार डर और आत्म-संदेह का सामना करना पड़ता है, लेकिन ऐसे हर मुश्किल पल में उन्हें अपने पिता का भरोसा याद आता है. अगर यह कहें तो गलत नहीं होगा कि इन दृश्यों की जान है जान्हवी कपूर, जिन्होंने इन भावनात्मक संघर्षों को बेहद संयमित तरीके से पर्दे पर उतारा है. ये दृश्य हमें यह भी याद दिलाते हैं कि बहादुरी का मतलब डर का बिल्कुल न होना नहीं, बल्कि डर के बावजूद आगे बढ़ते रहना है.
5. कारगिल मिशन, जिसने बदल दी पूरी कहानी
फिल्म का सबसे भावुक और तनावपूर्ण हिस्सा कारगिल युद्ध के दौरान सामने आता है, जब गुंजन दुश्मन की गोलीबारी के बीच घायल सैनिकों को निकालने और अहम सैन्य मिशनों को पूरा करने के लिए युद्ध क्षेत्र में उड़ान भरती हैं. हवाई मिशनों के रोमांचक दृश्यों में एक एयरफोर्स अधिकारी की जिम्मेदारी और साहस को बेहद खूबसूरती से जान्हवी कपूर ने पर्दे पर दिखाया है. यह वही निर्णायक मोड़ है, जहां गुंजन अपने सामने खड़ी तमाम रूढ़ियों और पूर्वाग्रहों को पीछे छोड़कर अपनी काबिलियत साबित करती हैं.
6. एक हीरो की कहानी का पूरा होना
फिल्म के अंत में दिखाया गया है कि आखिरकार गुंजन वह सम्मान हासिल करती हैं, जिसके लिए उन्होंने लगातार मेहनत की थी. फिल्म इस उपलब्धि को किसी भव्य जश्न की बजाय बेहद सहज तरीके से पेश करती है और यही इसकी खूबसूरती है. अंत में दर्शक अपने साथ यही संदेश लेकर जाते हैं कि धैर्य, अनुशासन और खुद पर विश्वास के साथ आप अंत में पूर्वाग्रहों पर जीत हासिल कर सकते हैं. ये अंतिम पल ही गुंजन की कहानी को सिर्फ एक युद्ध से प्रेरित फिल्म नहीं, बल्कि बाधाओं को तोड़कर आगे बढ़ने वाली प्रेरक कहानी बना देते हैं.
छह साल बाद भी 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' के ये दृश्य दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाए हुए हैं. एक पिता का बेटी के सपनों पर अटूट विश्वास हो, एक युवा लड़की का असंभव लगने वाले सपने को पूरा करने का जज्बा या फिर देश की सेवा में डर के बावजूद डटे रहने का साहस, फिल्म आज भी यही संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं