15 अगस्त आते ही बचपन की कई पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं. एक समय था जब स्वतंत्रता दिवस का मतलब सिर्फ झंडा फहराना नहीं, बल्कि टीवी पर देशभक्ति फिल्मों और गानों का इंतजार भी होता था. दूरदर्शन के दौर में 15 अगस्त और 26 जनवरी पर कुछ फिल्में जैसे तय ही रहती थीं. इन्हीं में मनोज कुमार की एक फिल्म भी शामिल थी, जिसे बार-बार दिखाया जाता था. आलम ये था कि इस फिल्म की टीवी पर इतनी टेलीकास्ट हुई कि ये लोगों की यादों का हिस्सा बन गई. फिल्म आज भी अपने गीत और कहानी के कारण उतनी ही खास है.
'भारत कुमार' की सबसे यादगार फिल्म
मनोज कुमार को बॉलीवुड का 'भारत कुमार' कहा जाता था. इसकी वजह थी उनकी देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों के प्रति खास पहचान. उन्होंने अपने करियर में कई ऐसी फिल्में कीं, जिनमें देशप्रेम, देश की मिट्टी और आम आदमी की भावनाओं को जगह मिली. लेकिन इन फिल्मों में 'उपकार' का नाम सबसे खास माना जाता है. साल 1967 में रिलीज हुई 'उपकार' में मनोज कुमार ने एक्टिंग के साथ-साथ डायरेक्शन की जिम्मेदारी भी संभाली थी. फिल्म की कहानी दो भाइयों के रिश्ते के साथ देश के जवान और किसान की अहमियत को सामने रखती है. इसका आधार तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का मशहूर नारा 'जय जवान, जय किसान' था. फिल्म में गांव, परिवार, देश और त्याग की कहानी को इस तरह जोड़ा गया कि ये दर्शकों के दिल में उतर गई. यही वजह है कि रिलीज के कई दशक बाद भी 'उपकार' को मनोज कुमार की सबसे यादगार फिल्मों में गिना जाता है.
15 अगस्त पर दूरदर्शन की पसंदीदा फिल्म
'उपकार' की पॉपुलैरिटी सिर्फ सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रही. दूरदर्शन के दौर में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के आसपास इसे बार-बार टेलीकास्ट किया जाता था. रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फिल्म डीडी नेशनल पर 100 से ज्यादा बार दिखाई जा चुकी थी. हालांकि इसके टेलीकास्ट का कोई आधिकारिक और तय आंकड़ा उपलब्ध नहीं है. फिल्म की सबसे बड़ी पहचान इसका सदाबहार गीत 'मेरे देश की धरती' भी है. महेंद्र कपूर की आवाज में रिकॉर्ड किया गया ये गीत आज भी 15 अगस्त और 26 जनवरी के मौकों पर सुनाई देता है.
ये भी पढ़ें; श्रीदेवी की इस खूबसूरत ड्रेस के पीछे छिपी थी बड़ी मुश्किल, 4 साड़ियां काटकर बनाई गई थी आउटफिट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं