साल 1981 में एक ऐसी फिल्म आई थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड ही तोड़ डाले. यूपी के मिर्जापुर से गुजरात के जूनागढ़ तक इसने सिल्वर जुबली मनाई. इस फिल्म में कुल आठ गाने थे लेकिन ये आठ के 8 ही सुपरहिट रहे. फिल्म को रिलीज हुई 45 साल हो चुके हैं, लेकिन इसका क्रेज आज भी कम नहीं हुआ है. मनोज कुमार की इस फिल्म में मां दुर्गा की एक भेंट भी है जिसके बिना आज भी जागरण हो या माता की चौकी अधूरे रहते हैं. दिलचस्प यह है कि माता की इस भेंट को मनोज कुमार ने ही लिखा है. आइए जानते हैं कौन सा है ये गाना और कौन सी है फिल्म.
क्रांति का गाना जो आज भी है माता की चौकी और जागरण की शान
हम बात कर रहे हैं मनोज कुमार की ऐतिहासिक फिल्म क्रांति की. ये 6 फरवरी 1981 को रिलीज हुई थी. फिल्म के आठों गाने सुपरहिट साबित हुए. लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का संगीत और मनोज कुमार तथा संतोष आनंद के बोलों ने हर गाने को यादगार बना दिया. इनमें सबसे खास है माता की भेंट 'दुर्गा है मेरी मां, अंबे है मेरी मां.' महेंद्र कपूर और मीनू पुरुषोत्तम की आवाज में गाया गया यह गाना मनोज कुमार के लिखे बोलों पर बना है.
'जयकारा शेरोंवाली का, बोल साचे दरबार की जय' से शुरू होने वाला यह भजन फिल्म में तो भावनात्मक पल देता है, लेकिन असल जीवन में यह माता रानी की भेंट बन गया. आज भी नवरात्रि और जागरणों में यह गाना सुनाई देता है. 45 साल बाद भी यह गाना मां दुर्गा की आराधना का प्रतीक बना हुआ है. इसके शब्दों पर गौर फरमाएं:
'जयकारा.. शेरोंवाली का
दुर्गा है मेरी मां अम्बे है मेरी मां
दुर्गा है मेरी मां अम्बे है मेरी मां
जो भी दर पे आए, जय हो
वो खाली न जाए, जय हो
सबके काम है करती, जय हो
सबके दुख ये हरती, जय हो
ओ मैया शेरोवाली, जय हो
ओ भरदे झोली खाली, जय हो
ओ मैया मेरी शेरोवाली, जय हो
ओ भरदे झोली खाली, जय हो'
क्रांति का साउंडट्रैक
क्रांति फिल्म के बाकी गाने भी कम नहीं थे. जिंदगी की ना टूटे लड़ी (लता मंगेशकर-नितिन मुके) रोमांटिक और भावुक दोनों है. चना जोर गरम बाबू (किशोर कुमार, लता, मोहम्मद रफी, नितिन मुकेश) मस्ती भरा लोकप्रिय गाना बना. लुई शमा शा (लता-नितिन मुकेश) और अब के बरस तुझे धरती की रानी कर देंगे (महेंद्र कपूर) देशभक्ति और आशा से भरे हैं. मारा ठुमका बदल गई चाल मितवा (लता मंगेशकर) डांस नंबर है. फिल्म का टाइटल गीत गीत दिलवाले दिलवाले तेरा नाम क्या है... क्रांति क्रांति (लता, मन्ना डे, महेंद्र कपूर, नितिन मुकेश, शैलेन्द्र सिंह ने गाया और इसे मनोज कुमार ने लिखा) दो भागों में क्रांति का मैसेज देता है.
क्रांति की स्टारकास्ट
फिल्म में दिलीप कुमार, मनोज कुमार, शशि कपूर, शत्रुघ्न सिन्हा, हेमा मालिनी और परवीन बाबी जैसे कलाकारों के साथ सलीम-जावेद की कहानी ने दर्शकों को बांधे रखा. फिल्म का निर्देशन मनोज कुमार ने किया था. फिल्म ने 3 करोड़ के बजट में 20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इसने सिनेमाघरों में गोल्डन जुबली मनाई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं