हिंदी सिनेमा की नीली आंखों वाली एक्ट्रेस मंदाकिनी, जिन्होंने 1985 की सुपरहिट फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' में 'गंगा' के किरदार से रातोंरात शोहरत हासिल की. हालांकि एक्टिंग की दुनिया से दूर अब वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं, जिसमें वह डांस के वीडियो शेयर करती रहती हैं. लेकिन इस बार उन्होंने अपनी फैमिली फोटो शेयर कर फैंस को अपनी बेटी की झलक दिखाई है, जिसकी सादगी ने फैंस का दिल जीत लिया है. वहीं इंटरनेट पर आते ही लोगों ने रिएक्शन दिया है.
मंदाकिनी ने 63वें जन्मदिन पर शेयर की परिवार संग फोटो
हाल ही में मंदाकिनी ने अपना 63वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया. इस खास मौके पर उन्होंने अपनी बेटी इनाया और पति काग्युर टी. रिनपोचे ठाकुर के साथ तस्वीरें शेयर कीं, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, जन्मदिन की प्यारी शुभकामनाओं, मैसेज, कॉल और ढेर सारे प्यार के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद. आपकी हर एक शुभकामना ने मेरे दिन को सच में खास बना दिया. मैं शुक्रगुजार हूं कि मुझे सोशल मीडिया पर इतना शानदार परिवार मिला है. मेरे सफर का हमेशा हिस्सा बने रहने के लिए धन्यवाद. आप सभी को बहुत प्यार!
इन तस्वीरों में मंदाकिनी की बेटी इनाया पर फैंस की नजरें पड़ी और उन्होंने खूब प्यार लुटाया और कहा- नजर ना लगे. इसके अलावा कमेंट सेक्शन में एक्ट्रेस को जन्मदिन की शुभकामनाएं फैंस के साथ की. इसके अलावा खुद मंदाकिनी ने बताया कि वह श्रीलंका में हैं. जहां उनके जन्मदिन पर एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया था.
बॉलीवुड में रातोंरात मशहूर हुई थीं मंदाकिनी
यास्मीन जोसेफ ने 22 साल की उम्र में बॉलीवुड में कदम रखा. फिल्म मेकर और एक्टर राज कपूर ने उन्हें स्क्रीन नेम ‘मंदाकिनी' दिया. मंदाकिनी ने करियर की शुरुआत साल 1985 में आई बंगाली फिल्म 'अंतारेर भालोबाशा' से की. उसी साल 'मेरा साथी' के साथ हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया. हालांकि, असली पहचान उन्हें राज कपूर की फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' से मिली. इस फिल्म में उनके बोल्ड सीन ने उस दौर में सनसनी मचा दी, जिसके लिए फिल्म को प्रशंसा के साथ-साथ विवादों का सामना भी करना पड़ा. मंदाकिनी को इस फिल्म के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्ट्रेस के लिए नॉमिनेशन भी मिला. 'राम तेरी गंगा मैली' की सफलता ने मंदाकिनी को रातोंरात स्टार बना दिया. साल 1980 के दशक में उन्होंने 'डांस-डांस', 'कमांडो', 'लोहा', 'जाल', 'प्यार के नाम कुर्बान', 'शानदार', 'सिंहासन', 'अग्नि' और 'जोरदार' जैसी कई फिल्मों में काम किया। हालांकि, उनकी ज्यादातर फिल्में उनकी डेब्यू फिल्म जितनी सफलता नहीं पा सकीं. साल 1996 में उनकी आखिरी फिल्म 'जोरदार' रिलीज हुई, जिसके बाद उन्होंने बॉलीवुड को अलविदा कह दिया.
कौन हैं मंदाकिनी के पति
साल 1990 में मंदाकिनी ने काग्युर टी. रिनपोचे ठाकुर से शादी की, जो एक पूर्व बौद्ध भिक्षु हैं. इस शादी के बाद मंदाकिनी ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और एक सामान्य जीवन जीना शुरू किया. उनके दो बच्चे हैं, बेटा रब्बिल ठाकुर और बेटी इनाया. मंदाकिनी और उनके पति मुंबई में एक तिब्बती योग सेंटर चलाते हैं, जहां वे योग और ध्यान सिखाते हैं. मंदाकिनी ने बौद्ध धर्म को अपनाया और दलाई लामा की अनुयायी हैं. 26 साल बाद साल 2022 में मंदाकिनी ने अपने बेटे रब्बिल के साथ म्यूजिक वीडियो 'मां ओ मां' के जरिए कमबैक किया.
ये भी पढ़ें- किशोर कुमार का 51 साल पुराना गाना, कहलाता है अल्टीमेट फ्रेंडशिप एंथम , मूवी ने 3 करोड़ बजट में कमाए 35 करोड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं