फिल्म हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट बीते दिनों सिनेमाघरों में रिलीज हुई. इस फिल्म ने अभी तक 18 करोड़ के आसपास का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया है. फिल्म काफी छोटे बजट की थी, इसलिए इसकी कमाई काफी चर्चा का विषय बनी हुई है. हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट में मिमोह चक्रवर्ती और चेतना पांडे लीड किरदार में नजर आए हैं. फिल्म को विक्रम भट्ट ने डायरेक्ट और आनंद पंडित ने प्रोड्यूस किया है. हाल ही में आनंद पंडित ने एनडीटीवी से बात की और अपनी इस फिल्म और आने वाली फिल्म 1920 कोल्ड विंटर के बारे में बड़ी जानकारी दी.
'1920 कोल्ड विंटर' की स्टोरी
प्रोड्यूसर आनंद पंडित ने कहा, 'जिस दिन हमने हॉन्टेड 3D रिलीज की थी. उस दिन 12 फिल्में और भी रिलीज हुई थीं. हम कॉन्फिडेंस थे कि किसी भी तारीख को फिल्म रिलीज हो, विक्रम, हॉन्टेड और हॉरर के दर्शक हमको जरूर मिलेंगे. हमारे दर्शक कहीं भी नहीं जाएंगे. काफी बड़ी फिल्में और बड़े लोगों की फिल्में हमारे साथ में आईं, लेकिन हॉन्टेड ने बाजी मार ली. पहले हमने यही सोचा कि हॉन्टेड के एक या दो शोज ही चलने चाहिए,'
'मल्टीप्लेक्स में तो यह बिल्कुल नहीं चलेगी, यह सिर्फ सिंगल स्क्रीन की फिल्म है. लेकिन जैसे ही फिल्म रिलीज हुई, हमें जिस तरीके से रिस्पांस मिला, इसके अलावा बाकी जो दूसरी फिल्में थीं, उनको रिस्पांस कम मिला. इसके बाद डिस्ट्रीब्यूटर्स ने उनकी स्क्रीनिंग हमको दे दी, फिर नतीजा आपके सामने है. हमने 2 महीने पहले ही डिक्लेयर कर दिया था कि 12 जून को हम फिल्म रिलीज करेंगे.'
'कुछ हिंदी फिल्मों का तो बाद में अनाउंसमेंट हुआ कि वह हमारी फिल्म के साथ रिलीज होंगी. यह नॉर्मल बात है कि कोई भी तारीख पर दो-तीन फिल्में तो रिलीज होनी ही हैं. दूसरी बात उन फिल्मों का हमारी फिल्म के साथ कोई कॉम्पेटीशन नहीं था, अगर हमारा कॉम्पेटीशन होगा तो किसी दूसरी हॉरर फिल्म के साथ होगा. हम अपनी फिल्म को लेकर बहुत ही कॉन्फिडेंट थे.'
प्रोड्यूसर ने आगे कहा, '1920 कोल्ड विंटर' की स्टोरी पर विक्रम भट्ट ने काम करना शुरू कर दिया है और फिल्म के डायलॉग्स पर काम जल्द ही खत्म हो जाएगा. इसके बाद हम कास्टिंग शुरू करेंगे और बहुत जल्द फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे. अगर मैं फिल्म की कहानी बताऊंगा तो हमारा बॉक्स ऑफिस कैसे आएगा? फिल्म की कहानी बहुत ही मजेदार होगी, कहानी में एक-दो किरदार होते हैं, जिनके आसपास स्टोरी घूमती रहती है. हॉरर के अलावा आपको इस फिल्म में बहुत कुछ देखने के लिए मिलेगा. दर्शकों को बहुत पसंद आएगा.'
'अगर मैं कास्टिंग की बात करूं तो अभी हमने कुछ भी डिसाइड नहीं किया कि नए एक्टर को लेना है या तो पुराने एक्टर को लेना है. हमारा सोचना है कि हमारी जो कहानी है वही हीरो है. एक बार पूरी कहानी पर काम हो जाए. उसके बाद हम एक्टर को तय करेंगे. अगर फिल्म की रिलीज की बात करूं तो यहां अगले साल 2027 के शुरू के 6 महीने में सिनेमाघरों में आ जाएगी.'
'1920' का खेल कब से शुरू हुआ?
अगर इस फ्रेंचाइजी के पहले पार्ट की बात करें तो '1920' साल 2008 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म से एक्ट्रेस अदा शर्मा ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था. आज के समय अदा बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस हैं. उस वक्त इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा कलेक्शन किया. अदा को भी इस फिल्म से काफी प्रसिद्धि मिली, हालांकि यह फिल्म करने के बाद अदा शर्मा चुनिंदा फिल्मों में ही नजर आईं. लेकिन उनको असली पहचान फिल्म द केरल स्टोरी से मिली. इस फिल्म ने उनके फिल्मी करियर में चार चांद लगा दिए थे.
यह भी पढ़ें- 'धीरे-धीरे वापसी कर रही हूं' पद्म भूषण मिलने पर भावुक हुईं अलका याग्निक, लिखा- 'दो साल से लोगों की नजरों से दूर हूं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं