सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फीचर फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' की देशभर में रिलीज का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है. फिल्म को अब 28 अगस्त 2026 को सिनेपोलिस के माध्यम से पैन इंडिया रिलीज किया जाएगा. बच्चों और परिवारों के बीच भक्ति, संस्कृति और भारतीय मूल्यों को मनोरंजक तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई 'महाप्रभु जगन्नाथ' ओडिशा की पहली एनिमेटेड फीचर फिल्म है. यह फिल्म लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज 'जय जगन्नाथ' का सिनेमाई विस्तार है, जिसे YouTube पर 100 करोड़ से अधिक व्यूज़ मिल चुके हैं.
फिल्म की रिलीज से ठीक पहले, 17 जुलाई को प्रस्तावित थिएट्रिकल रिलीज से कुछ समय पहले, ओडिशा हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका (PIL) के आधार पर फिल्म की सामग्री की न्यायिक समीक्षा की मांग को लेकर देशभर में इसकी रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी थी. इस आदेश को चुनौती देते हुए फिल्म के निर्माताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. निर्माताओं ने अपनी याचिका में फिल्म को मिली CBFC की 'U' सर्टिफिकेशन और देशभर में 300 से अधिक सिनेमाघरों की बुकिंग के चलते हुए भारी वित्तीय नुकसान का भी उल्लेख किया.
सुप्रीम कोर्ट द्वारा देशभर में फिल्म की रिलीज को मंजूरी दिए जाने के बाद अब फिल्म के निर्माता और वितरक इसकी नई रिलीज रणनीति के साथ आगे बढ़ रहे हैं. पैन इंडिया पहुंच को ध्यान में रखते हुए प्रमुख थिएटर चेन सिनेपोलिस ने फिल्म को 28 अगस्त 2026 को रिलीज करने का फैसला किया है.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए एले एनिमेशंस के संस्थापक और फिल्म के निर्माता दुर्गा प्रसाद दलई ने कहा, "हमने 'महाप्रभु जगन्नाथ' को अपनी संस्कृति के प्रति पूरी श्रद्धा, प्रेम और सम्मान के साथ बनाया है. हम सुप्रीम कोर्ट के प्रति बेहद आभारी हैं कि उन्होंने आस्था का सम्मान करते हुए कलात्मक स्वतंत्रता को भी बरकरार रखा. हमारा उद्देश्य हमेशा से यही रहा है कि सिनेमा और एनीमेशन के माध्यम से भगवान जगन्नाथ की कृपा और भक्ति को बच्चों और परिवारों तक, देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में पहुंचाया जाए. हम दर्शकों को इस मेहनत और प्रेम से बनाई गई फिल्म का अनुभव कराने के लिए बेहद उत्साहित हैं और चाहते हैं कि वे इसे स्वयं देखें और अपनी राय बनाएं."
यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर से लेकर ऋतिक रोशन तक के साथ किया काम लेकिन नहीं मिली पहचान, साइड रोल में सिमट गया ये एक्टर
भुवनेश्वर स्थित एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड वर्ष 2008 से दुनियाभर के लिए उच्च गुणवत्ता वाले विजुअल कंटेंट का निर्माण कर रही है. क्षेत्रीय विरासत और भारतीय संस्कृति को आधुनिक कहानी कहने के माध्यमों से जोड़ने के लिए पहचाने जाने वाले इस स्टूडियो को 'जय जगन्नाथ' की सफलता से बड़ी पहचान मिली, जिसने अब 'महाप्रभु जगन्नाथ' जैसे महत्वाकांक्षी फीचर प्रोजेक्ट का रास्ता तैयार किया है.
फिल्म का निर्माण एले एनिमेशंस के संस्थापक दुर्गा प्रसाद दलई ने किया है और निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है. फिल्म की कहानी और पटकथा पल्लवी शर्मा ने लिखी है. इसके मूल गीत अर्जित श्रीवास्तव ने तैयार किए हैं, जबकि बैकग्राउंड स्कोर अविरल कुमार ने दिया है और गीतों के बोल अतुल कुमार वर्मा ने लिखे हैं.
कानूनी चुनौतियों के बाद अब 'महाप्रभु जगन्नाथ' एक नई शुरुआत के लिए तैयार है. 28 अगस्त 2026 को सिनेपोलिस के जरिए पैन इंडिया रिलीज होने जा रही यह फिल्म भक्ति, भारतीय संस्कृति और एनीमेशन को एक साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं