एक गोदभराई की रस्म, पूरे परिवार की मौजूदगी और बीच में मस्ती-शरारत से भरा एक गाना. 32 साल पहले एक पारिवारिक फिल्म में आया यह गाना भी कुछ ऐसा ही था. इसमें परिवार की मस्ती थी और माधुरी दीक्षित का ऐसा अंदाज था, जिसने गाने को अलग ही पहचान दे दी. लता मंगेशकर और एस. पी. बालासुब्रमण्यम की आवाज में सजा यह गीत है 'दीदी तेरा देवर दीवाना', जो आज भी सुनते ही पुराने दिनों की याद दिला देता है. साल 1994 में रिलीज हुई हम आपके हैं कौन के गाने उस दौर में घर-घर गूंजते थे, लेकिन 'दीदी तेरा देवर दीवाना' की बात कुछ अलग थी. गाने की धुन तैयार करते समय इसके संगीतकार रामलक्ष्मण और निर्देशक सूरज बड़जात्या ने उस्ताद नुसरत फतेह अली खान की कव्वाली 'सारे नबियों दा नबी...' से प्रेरणा ली थी. इसके बाद गीतकार देव कोहली ने इसी धुन और माहौल को ध्यान में रखते हुए इसे फिल्म के पारिवारिक और मजेदार माहौल के हिसाब से ढाला और इसे मस्ती और छेड़छाड़ वाले गाने का रूप दिया. नतीजा ऐसा गीत बना, जो फिल्म के सबसे चर्चित हिस्सों में शामिल हो गया.
16 दिन रिहर्सल, 9 दिन तक हुई शूटिंग
इस गाने को पर्दे पर उतारना भी आसान काम नहीं था. बताया जाता है कि इसके लिए करीब 16 दिनों तक रिहर्सल चली, जबकि गाने की शूटिंग में लगभग 9 दिन लगे. बड़े परिवार, कई कलाकारों और डांसर्स के बीच फिल्माया गया यह गाना अपनी भव्यता और मस्ती के लिए भी याद किया जाता है. गाने में एक और मजेदार किस्सा सलमान खान के लुक से जुड़ा है. एक हिस्से में सलमान नाइटी पहने नजर आते हैं और उनका यह अंदाज काफी चर्चा में रहा. बताया जाता है कि यह आइडिया सूरज बड़जात्या का था, जबकि सलमान का मेकअप खुद माधुरी दीक्षित ने किया था.
माधुरी का पर्पल लहंगा भी बन गया था चर्चा का विषय
'दीदी तेरा देवर दीवाना' की बात हो और माधुरी दीक्षित के पर्पल लहंगे का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. गाने में उनका लुक इतना पसंद किया गया कि आज भी लोग उसे दोहराने की कोशिश करते हैं. लेकिन इस गाने की सबसे बड़ी ताकत शायद यही है कि 32 साल बाद भी यह सिर्फ पुराना फिल्मी गाना बनकर नहीं रह गया. गोदभराई की रस्म हो या परिवार की कोई खुशी, 'दीदी तेरा देवर दीवाना' बजते ही माहौल में वही पुरानी शरारत और मस्ती लौट आती है.
ये भी पढ़ें; PM बनने का मिला मौका तो सबसे पहले ये काम करेंगे तेज प्रताप यादव, जवाब सुनकर मल्लिका शेरावत भी हुईं इंप्रेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं