90 के दशक में कई सिंगर ऐसे रहे, जिनके गानों ने लंब समय तक संगीत प्रेमियों के दिलों पर छाप छोड़ी. कुमार सानू भी 90 के दशक के मशहूर सिंगर में से एक हैं, जिनके गानों ने हमेशा से लोगों के दिलों को जीता है. कुमार सानू ने एक दिन में 28 गाने गाकर विश्व रिकॉर्ड बना लिया था. 1990 के दशक में उनकी आवाज हर फिल्म में सुनाई देती थी. उनका असली नाम सानू भट्टाचार्य है. गजल सम्राट जगजीत सिंह ने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दिलाई थी.
एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड किए
साल 1993 में कुमार सानू को विदेश में म्यूजिकल टूर पर जाना था. टूर से पहले उन्होंने बाकी काम खत्म करने का फैसला किया. नतीजा यह हुआ कि उन्होंने एक ही दिन में 28 गाने रिकॉर्ड कर दिए. यह उपलब्धि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई. उसी साल उनके कई गाने बहुत लोकप्रिय हुए. ओ लाल दुपटे वाली तेरा नाम तो बता, तुम तो धोखेबाज हो, बाजीगर ओ बाजीगर, ये काली काली आंखें, तेरे चेहरे पे, तेरे दर पर सनम और बादलों में छुप रहा चांद जैसे गाने आज भी लोग सुनते हैं.
18 हजार गाने का रिकॉर्ड
कुमार सानू ने अपने करियर में करीब 18 हजार गाने गाए हैं. उन्होंने हिंदी के अलावा कई भाषाओं में भी गाने रिकॉर्ड किए. दुनिया भर में उनके म्यूजिकल शो हुए. उनकी आवाज सुनकर लोग भावुक हो जाते थे.
उन्होंने फिल्मफेयर अवॉर्ड भी लगातार पांच बार जीते. यह भी गिनीज बुक में दर्ज है. छठी बार जब अवॉर्ड मिलने वाला था तो उन्होंने इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि अब नए कलाकारों को मौका मिलना चाहिए.
ऋषि कपूर के लिए गाना गाना था पसंद
कुमार सानू को ऋषि कपूर के लिए गाने गाना बहुत पसंद था. उनका मानना था कि ऋषि कपूर उनके गानों को सही तरीके से पेश करते थे. उन्होंने ऋषि कपूर के लिए कई हिट गाने दिए. जब से तुमको देखा है सनम, सोचेंगे तुम्हें प्यार, तेरी उम्मीद तेरा इंतजार और गवाह है चांद तारे जैसे गाने आज भी याद किए जाते हैं. 90 के दशक में कुमार सानू की आवाज बिना सुने कोई म्यूजिक प्लेलिस्ट अधूरी लगती थी. मिलीनियल और जेन-जेड दोनों उनकी धुनें सुनते हैं.
यह भी पढ़ें | 28 साल पुराना वो गाना जिसमें छिपी है काजोल के सच्चे प्यार की दिलकश कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं