विज्ञापन

सिगरेट की खुशबू सूंघकर किशोर कुमार ने गाया था ये गाना, रिकॉर्डिंग होते ही रो पड़े एसडी बर्मन, राजेश खन्ना की जोड़ी ने बनाया सुपरहिट

फिल्म त्याग के मशहूर गीत ‘हम तुम तुम हम’ की रिकॉर्डिंग के दौरान किशोर कुमार ने राजेश खन्ना के किरदार को महसूस करने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया था. ट्रिपल 5 सिगरेट का पैकेट हाथ में लेकर रिकॉर्ड किए गए इस गीत ने एस.डी. बर्मन तक को भावुक कर दिया था.

सिगरेट की खुशबू सूंघकर किशोर कुमार ने गाया था ये गाना, रिकॉर्डिंग होते ही रो पड़े एसडी बर्मन, राजेश खन्ना की जोड़ी ने बनाया सुपरहिट
किशोर कुमार फोटो

हिंदी सिनेमा के दिग्गज गायक किशोर कुमार सिर्फ एक बेहतरीन सिंगर ही नहीं, बल्कि अपनी गायकी में भावनाओं को जी लेने वाले कलाकार भी थे. उनके गाए कई गाने आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक सुपरहिट गीत को रिकॉर्ड करते समय किशोर कुमार ने ऐसा अनोखा तरीका अपनाया था, जिसे देखकर स्टूडियो में मौजूद हर शख्स हैरान रह गया था? करीब 49 साल पहले रिकॉर्ड हुआ यह गीत आज भी लोगों की आंखें नम कर देता है. इसकी रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा आज भी म्यूजिक लवर्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

त्याग के इस गाने के लिए चाहिए था अलग एहसास

यह किस्सा 1977 में रिलीज हुई फिल्म त्याग से जुड़ा है. फिल्म में राजेश खन्ना, शर्मिला टैगोर, प्रेम चोपड़ा और धीरज कुमार जैसे सितारे नजर आए थे. फिल्म का म्यूजिक मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर एस.डी. बर्मन ने तैयार किया था. जब फिल्म के गानों की रिकॉर्डिंग चल रही थी, तब एस.डी. बर्मन चाहते थे कि सभी गाने किशोर कुमार ही गाएं. किशोर दा ने उनकी बात मान ली और फिल्म के गीतों को अपनी आवाज दी. लेकिन फिल्म का एक गाना ऐसा था, जिसके लिए उन्हें कुछ अलग महसूस करने की जरूरत थी. यह गाना था 'हम तुम तुम हम'.

रिकॉर्डिंग के बीच मंगवाई सिगरेट, लेकिन जलाई नहीं

जब किशोर कुमार इस गीत की रिकॉर्डिंग के लिए स्टूडियो पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले पूछा कि क्या राजेश खन्ना वहां मौजूद हैं. जब उन्हें पता चला कि एक्टर स्टूडियो में नहीं हैं, तो उन्होंने एक स्पॉट बॉय को बुलाकर ट्रिपल 5 सिगरेट का पैकेट मंगवाया. स्टूडियो में मौजूद लोग यह देखकर हैरान रह गए कि आखिर रिकॉर्डिंग के दौरान सिगरेट की क्या जरूरत पड़ गई. लेकिन असली हैरानी तो तब हुई जब किशोर कुमार ने सिगरेट का एक भी कश नहीं लिया. उन्होंने पूरा पैकेट हाथ में रखा, उसे बार-बार नाक के पास ले जाकर महसूस किया और उसी दौरान पूरे गाने की रिकॉर्डिंग कर दी.

राजेश खन्ना के किरदार को महसूस करना चाहते थे किशोर दा

दरअसल, राजेश खन्ना उस समय ट्रिपल 5 सिगरेट पीते थे. किशोर कुमार चाहते थे कि वह सिर्फ गीत न गाएं, बल्कि पर्दे पर दिखाई देने वाले किरदार के हर दर्द, प्यार और भावनाओं को भी महसूस करें. इसी वजह से उन्होंने सिगरेट की खुशबू के जरिए खुद को राजेश खन्ना के किरदार के करीब लाने की कोशिश की और उसी एहसास को अपनी आवाज में उतार दिया.

रिकॉर्डिंग खत्म होते ही नम हो गईं एस.डी. बर्मन की आंखें

बताया जाता है कि जब रिकॉर्डिंग पूरी हुई और एस.डी. बर्मन ने गीत सुना, तो वह भावुक हो गए. गाने की गहराई और भावनाओं ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उनकी आंखों में आंसू आ गए. इस गीत में जहां राजेश खन्ना के लिए किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी, वहीं शर्मिला टैगोर के लिए लता मंगेशकर ने स्वर दिए थे. यही वजह है कि 'हम तुम तुम हम' आज भी उन सदाबहार गीतों में गिना जाता है, जिन्हें सुनकर लोग भावुक हो जाते हैं.

यह भी पढ़ें: बॉलीवुड के लिए मनहूस साबित हुए ये टाइटल, वो 'एक' शब्द जिस पर बनी 10 फिल्में, सिर्फ तीन हुईं हिट सात का निकला जनाजा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kishore Kumar, Bollywood, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com