भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री काजल राघवानी इन दिनों चर्चित रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में दिए गए विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. शुक्रवार को अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि उन्हें इंडस्ट्री में कई बार 'गुजराती' और 'आउटसाइडर' कहकर अलग महसूस कराया गया. अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने इंडस्ट्री के नामी लोगों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इंडस्ट्री के कई लोगों ने उन्हें बाहरी महसूस करवाया. साथ ही ये भी इल्जाम लगाया कि वे लोगों से रो-रोकर काम मांगती हैं. हालांकि, अभिनेत्री ने अपने नोट पर किसी का नाम नहीं लिया.
अभिनेत्री ने जारी किए गए नोट पर लिखा, "मैं गुजराती और आउटसाइडर हूं, रो-रोकर सभी से काम मांगती हूं. साथ ही, हमदर्दी ले रही हूं.इन कुछ दिनों में हमारे दर्शकों से जितना मैंने नहीं बोला उससे ज्यादा तो लोगों ने मुझे एहसास करवा दिया गया. मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मैं यूपी, बिहार को अपनी कर्मभूमि मानती हूं. साथ ही, उन्होंने भोजपुरी दर्शकों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा, "मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि अगर मैंने कहीं बोला है, तो मुझे इसका सबूत चाहिए कि मैंने कहा बोला है. साथ ही, ये मेरी कर्म भूमि है, मैं हमेशा इस इंडस्ट्री और यहां की जनता की शुक्रगुजार रहूंगी कि उन्होंने मुझे ढ़ेर सारा प्यार दिया और यहां तक पहुंचाया.
उन्होंने आगे लिखा, "मुझे ऐसा लगता है कि मैं यहीं कि रहने वाली हूं, मैंने यहां की हर चीज अपनाई है. 16 साल भोजपुरी इंडस्ट्री में काम किया है और मैं कहना चाहूंगी कि अगर मैंने यहां की जनता, मिट्टी और धरती को तहे दिल से नहीं अपनाया होता, तो इतने सालों तक इंडस्ट्री में काम ही नहीं कर पाती और न ही मुझे कोई यहां पर काम देता.
अभिनेत्री ने सभी को वॉर्निंग देते हुए कहा कि अब उन्हें आउटसाइडर कहना बंद कर दें. उन्होंने लिखा, "अब कुछ लोग मुझे ये सुनाना बंद कर दें कि मैं एक आउटसाइडर हूं या आउटसाइडर का विक्टिम कार्ड खेल रही हूं, लोगों से हमदर्दी या रो-रोकर काम ले रही हूं. मैं तो नहीं मान रही कि मैं आउटसाइडर हूं, लेकिन हां, मुझे ये एहसास करवाया जा रहा है कि मैं बाहरी हूं, क्योंकि आप लोग यूपी बिहार से हैं. "
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं