साल 2001 में आई ‘दिल चाहता है' ने दोस्ती, रिश्तों और युवाओं की जिंदगी को पर्दे पर देखने का नजरिया बदल दिया था. फरहान अख्तर की बतौर निर्देशक यह पहली फिल्म थी और 25 साल बाद भी इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिना जाता है. अब एक शो के दौरान फरहान अख्तर ने फिल्म के बनने से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए हैं. उन्होंने फिल्म की कास्टिंग से लेकर सैफ अली खान के फिल्म छोड़ने की नौबत, आमिर खान की शुरुआती शंकाओं और एक सीन के दौरान खुद के आपा खो देने तक के बारे में बात की.
आसपास की जिंदगी से निकली थी ‘दिल चाहता है' की कहानी
फरहान के मुताबिक ‘दिल चाहता है' का विचार उनके आसपास की जिंदगी से आया था. उस दौर में फिल्मों में दोस्ती को जिस तरह दिखाया जाता था, वह उन्हें और उनके दोस्तों को अपनी जिंदगी से जुड़ा हुआ नहीं लगता था.
फरहान ने कहा कि फिल्म में उस दौर के युवाओं की दोस्ती और उनके रिश्तों को उसी तरह दिखाने की कोशिश की गई, जैसा वे उसे महसूस करते थे. उनके मुताबिक वह उस समय और उस जगह पर मौजूद सही व्यक्ति थे, इसलिए यह फिल्म बन सकी.
पहले अक्षय खन्ना, ऋतिक रोशन और अभिषेक बच्चन थे पसंद
‘दिल चाहता है' की कास्टिंग को लेकर फरहान ने एक दिलचस्प खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उनकी पहली पसंद आमिर खान, सैफ अली खान और अक्षय खन्ना नहीं थे. उनकी ड्रीम कास्ट में अक्षय खन्ना, ऋतिक रोशन और अभिषेक बच्चन शामिल थे.
हालांकि बाद में उन्हें लगा कि फिल्मों और किरदारों की अपनी एक किस्म की नियति होती है और आखिरकार वही कलाकार फिल्म का हिस्सा बनते हैं, जिनके साथ वह भूमिका सही बैठती है.
सैफ अली खान छोड़ सकते थे फिल्म
फिल्म की कास्टिंग के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब सैफ अली खान के लिए शूटिंग की तारीखों का संकट खड़ा हो गया था और उनके फिल्म से बाहर होने की स्थिति बन गई थी. फरहान ने बताया कि सैफ के किरदार के लिए उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था.
शूटिंग शुरू होने वाली थी और ऐसे में आमिर खान ने फरहान से कहा कि उन्हें ही यह भूमिका निभानी होगी, क्योंकि कोई और इस किरदार को नहीं निभा सकता. फरहान ने बताया कि उस वक्त उनका पहला रिएक्शन था- “मैं?”
यह बात इसलिए भी अहम थी क्योंकि फरहान पहली बार निर्देशन कर रहे थे और कैमरे के पीछे रहने के साथ-साथ कैमरे के सामने आने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था.
आमिर खान को भी था फरहान के निर्देशन पर संदेह
फरहान ने यह भी स्वीकार किया कि आमिर खान ने शुरुआत में इस बात पर सवाल उठाया था कि क्या फरहान इस फिल्म को निर्देशित कर पाएंगे. लेकिन फरहान अपने विजन को लेकर स्पष्ट थे. उनका मानना था कि फिल्म को जिस तरह वह देख रहे थे, उसे उसी तरह कोई दूसरा व्यक्ति नहीं बना सकता.
कलाकारों को इम्प्रोवाइजेशन की आजादी, लेकिन तैयारी के बाद
फरहान ने कलाकारों के साथ काम करने का अपना तरीका भी बताया. उनके मुताबिक सेट पर इम्प्रोवाइजेशन तभी प्रभावी होता है, जब कलाकार लिखे हुए दृश्य और संवाद से पूरी तरह परिचित हों.
उनका मानना है कि पहले सीन को अच्छी तरह समझना और तैयार करना जरूरी है. इसके बाद ही कलाकार उस सीन में अपनी तरफ से कुछ नया जोड़ सकते हैं.
तारा की मौत वाले सीन में फरहान ने खोया आपा
‘दिल चाहता है' के सबसे भावुक हिस्सों में से एक तारा की मौत का सीन था. फरहान ने बताया कि इस सीन के पहले टेक के दौरान कैमरे की फिल्म खत्म हो गई थी.
फरहान के मुताबिक उन्होंने इससे पहले कभी सेट पर न तो किसी पर चिल्लाया था और न ही अपना गुस्सा जाहिर किया था. लेकिन उस दिन वह अपना आपा खो बैठे. उनकी नाराजगी इस बात को लेकर थी कि कैमरे में पूरी फिल्म वाला मैगजीन लगाए बिना शूटिंग क्यों शुरू की गई.
25 साल बाद फिल्म में क्या बदलना चाहेंगे फरहान?
‘दिल चाहता है' को लेकर आज भी दर्शकों के बीच कई चर्चाएं होती हैं, लेकिन फरहान खुद भी मानते हैं कि फिल्म में कुछ चीजें वह आज अलग तरीके से करना चाहेंगे. उन्होंने कहा कि आमिर खान और प्रीति जिंटा के किरदारों के रिश्ते को वह शायद कुछ अलग तरीके से खत्म करते. उन्हें लगता है कि शादी से जुड़ा ड्रामा थोड़ा ज्यादा खिंच गया था. इसके अलावा वह यह भी सोचते हैं कि शायद फिल्म के अंत में सिद्धार्थ यानी सिड को बिल्कुल अकेला छोड़ना सही फैसला नहीं था.
25 साल बाद ‘दिल चाहता है' को पीछे मुड़कर देखने का फरहान का नजरिया इसलिए दिलचस्प है क्योंकि वह सिर्फ अपनी पहली फिल्म की सफलता को याद नहीं कर रहे, बल्कि उसकी कमियों और उन फैसलों को भी स्वीकार कर रहे हैं जिन्हें आज वह अलग तरीके से करना पसंद करते. यही वजह है कि ‘दिल चाहता है' की कहानी सिर्फ तीन दोस्तों की कहानी नहीं रह गई है, बल्कि यह उस दौर के सिनेमा और उसे बनाने वाले एक युवा फिल्मकार की सोच की कहानी भी बन चुकी है.
ये भी पढ़ें; मिर्जापुर वेब सीरीज में मेकर्स से हुई थी ये बड़ी गलती, मुन्ना भैया ने सबसे सामने कह डाली ये बड़ी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं