बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कैसा हाल रहेगा, ये जानने के लिए अक्सर पहले दिन या पहले वीकेंड के आंकड़े देखे जाते हैं. लेकिन हर फिल्म की कहानी इतनी सीधी नहीं होती. कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनकी शुरुआत देखकर लगता है कि शायद ये ज्यादा दूर तक नहीं जा पाएंगी. स्क्रीन कम मिलती हैं, दर्शक भी शुरुआत में बहुत ज्यादा नहीं होते और कमाई भी उम्मीद के मुताबिक नहीं होती. लेकिन धीरे-धीरे लोगों के बीच फिल्म की चर्चा शुरू होने लगती है और कहानी एकदम बदल जाती है. पिछले कुछ सालों में ऐसी कई फिल्में आई हैं, जिन्होंने शुरुआती रफ्तार धीमी रही, लेकिन बाद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई हुई. इस लिस्ट में 'हनुमान अंश' से लेकर '12वीं फेल' जैसी फिल्मों के नाम शामिल है.
'हनुमान अंश'
7 अगस्त को रिलीज हुई 'हनुमान अंश' ने महज 25 स्क्रीन से शुरुआत की थी. पहले दिन फिल्म की नेट ओपनिंग 10 लाख रुपए थी और पहले हफ्ते का कलेक्शन करीब 1.08 करोड़ रुपए रहा. दूसरे हफ्ते में तो कमाई और नीचे चली गई और यह करीब 40 लाख रुपए पर सिमट गई लेकिन तीसरे हफ्ते से तस्वीर बदलनी शुरू हुई. तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपए और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपए कमाए. पांचवें हफ्ते के सिर्फ पहले तीन दिनों में ही 49 करोड़ रुपए से ज्यादा आ गए. 31वें दिन तक नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपए हो गया. इसकी एक बड़ी वजह माउथ पब्लिसिटी है.
दरअसल, धीरे-धीरे दर्शकों के बीच इसकी चर्चा बढ़ी. जिन लोगों ने इसे देखा, उनकी प्रतिक्रिया ने दूसरे दर्शकों को सिनेमाघरों तक पहुंचाया. यही वजह है कि फिल्म की स्क्रीन और शो बढ़ते गए और कमाई भी उसी हिसाब से बढ़ती चली गई. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी 'हनुमान अंश' की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर से जुड़ी है. फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है. फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता विशाल चतुर्वेदी हैं.
'द कश्मीर फाइल्स'
2022 की 'द कश्मीर फाइल्स' की शुरुआत भी बड़ी नहीं थी लेकिन फिल्म के साथ कुछ ही दिनों में ऐसा माहौल बन गया कि सिनेमाघरों को शो और स्क्रीन बढ़ाने पड़े. फिल्म ने पहले दिन करीब 3.55 करोड़ रुपए कमाए थे. लेकिन दूसरे और तीसरे दिन कमाई में बड़ा उछाल आया. दर्शकों की प्रतिक्रिया देखकर स्क्रीन की संख्या बढ़ाई गई और फिल्म की डिमांड लगातार बढ़ती गई. जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में फिल्म करीब 400 स्क्रीन पर थी लेकिन दर्शकों की डिमांड के बाद इसकी पहुंच हजारों स्क्रीन तक पहुंच गई.
इस फिल्म के कलेक्शन बढ़ने की वजह फिल्म का विषय था, जो बेहद संवेदनशील था. 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों के पलायन और उनके साथ हुई हिंसा को फिल्म में दिखाया गया था. फिल्म को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी काफी बहस हुई. सोशल मीडिया पर लगातार विवाद बढ़ता दया और फिल्म से जुड़े बयान भी सुर्खियों का हिस्सा बनने लगे थे. बढ़ता विवाद और लगातार चर्चा दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में मददगार साबित हुई. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी और चिन्मय मंडलेकर जैसे कलाकार थे.
'कांतारा'
ऋषभ शेट्टी की इस कन्नड़ फिल्म ने भी पहले दिन कोई बहुत बड़ा नंबर हासिल नहीं किया था. इस फिल्म ने 30 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. भारत में इसकी शुरुआती कमाई करीब 1.95 करोड़ रुपए थी लेकिन फिल्म देखने वालों की प्रतिक्रिया शानदार रही. असली बदलाव तब आया जब लोगों ने इसकी कहानी, स्थानीय संस्कृति और क्लाइमेक्स की चर्चा शुरू की. इसके बाद फिल्म का हिंदी वर्जन आया, जिसकी शुरुआत करीब 1.5 करोड़ रुपए से हुई लेकिन चौथे वीकेंड को हिंदी वर्जन ने 4.5 करोड़ रुपए कमाए, जो उसकी अब तक की सबसे बड़ी एक दिन की कमाई थी. रिलीज के लगभग एक महीने बाद फिल्म अपनी सबसे मजबूत स्थिति में पहुंच गई.
'कांतारा' में स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया. फिल्म में ऋषभ शेट्टी ने मुख्य भूमिका निभाने के साथ इसका निर्देशन भी किया. उनके साथ सप्तमी गौड़ा, किशोर और अच्युत कुमार जैसे कलाकार नजर आए. इसकी वर्ल्डवाइड कमाई 400 करोड़ रुपए से ज्यादा रही.
'12वीं फेल'
विक्रांत मैसी और मेधा शंकर की इस फिल्म ने 27 अक्टूबर 2023 को रिलीज के दिन सिर्फ 1.10 करोड़ रुपए कमाए थे लेकिन फिल्म को आलोचकों और दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली. लोगों ने इसकी कहानी को अपने संघर्ष से जोड़ा और सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा बढ़ी. नतीजा यह हुआ कि सिनेमाघरों ने इसके शो बढ़ाने शुरू किए. पहले हफ्ते में फिल्म ने 13 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया.
विदु विनोद चोपड़ा की यह फिल्म आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की जिंदगी से प्रेरित थी. फिल्म में दिखाया गया कि गांव का एक लड़का किस तरह यूपीएससी पास करने का सपना देखता है और बार-बार असफल होने के बावजूद कोशिश जारी रखता है. फिल्म की कहानी ने लोगों को काफी प्रभावित किया.
'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक'
2019 में आई 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' का सफर भी थोड़ा अलग रहा. इसकी ओपनिंग इन फिल्मों के मुकाबले बेहतर थी, पहले दिन करीब 8.20 करोड़ रुपए और पहले वीकेंड में 35.73 करोड़ रुपए. फिल्म की कमाई रिलीज के बाद लगातार बनी रही. इसका कारण था फिल्म का विषय और दर्शकों की प्रतिक्रिया. कहानी 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित थी. फिल्म में विकी कौशल ने मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था.
एक्शन के साथ देशभक्ति का भाव फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बना. 'हाउ इज द जोश?' जैसे डायलॉग लोगों के बीच लोकप्रिय हो गए. इसमें उरी आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई दिखाई गई, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं