'हनुमान अंश' की चर्चा के बीच फैंस में आध्यात्मिकता, आस्था और जीवन के गहरे अर्थ की खोज करने वाली फिल्मों में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है. विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित 'हनुमान अंश' मशहूर आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा पर आधारित है. बाबा को महाराज जी के नाम से भी जाना जाता है. नीम करौली बाबा एक हिंदू आध्यात्मिक गुरु और भगवान हनुमान के परम भक्त थे. बचपन में उनका नाम लक्ष्मण नारायण शर्मा था. उनका जन्म 1900 के आसपास मौजूदा उत्तर प्रदेश के अकबरपुर गांव में हुआ था. 11 सितंबर 1973 को वृंदावन में उनका निधन हो गया.
हनुमान अंश
2 करोड़ रुपये से कम के बजट में बनी 'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत धीमी रही. खबरों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की कमाई की थी. हालांकि, कमजोर शुरुआत के बाद भी फिल्म धीरे-धीरे लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया (word of mouth) के कारण आगे बढ़ी. फिल्म ने जल्द ही बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. कंगना रनौत और मधुर भंडारकर समेत कई मशहूर हस्तियों ने भी इस फिल्म की तारीफ की है. फिल्म 'हनुमान अंश' ने दुनिया भर में 117 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है, और भारत में इसका नेट कलेक्शन 30वें दिन तक 100 करोड़ के करीब पहुंच गया है.
इस फिल्म ने आपको ऐसी फिल्मों के बारे में जानने के लिए उत्सुक किया है जो आस्था, भक्ति, आध्यात्मिकता और भौतिक दुनिया से परे किसी चीज की मानवीय खोज को दिखाती हैं, तो ऐसी कई अन्य फिल्में हैं जिन्हें आपको जरूर देखना चाहिए. ऋषभ शेट्टी की 'कांतारा' से लेकर 2016 की फिल्म 'मुक्ति भवन' तक, यहां पांच ऐसी फिल्में हैं जिन्हें आपको अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए.
जय संतोषी मां
1975 में रिलीज हुई विजय शर्मा की 'जय संतोषी मां' हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार भक्ति फिल्मों में से एक है. सतराम रोहरा द्वारा निर्मित इस फिल्म में कानन कौशल ने सत्यवती, आशीष कुमार ने बिराजराम और अनीता गुहा ने संतोषी मां की भूमिका निभाई है, जबकि भरत भूषण और त्रिलोक कपूर सहायक भूमिकाओं में हैं. कहानी संतोषी मां की परम भक्त सत्यवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी आस्था की परीक्षा तब होती है जब वह बिराजराम से शादी करती है, जबकि उसके पति को मृत मान लिया गया था. लगभग 25 से 30 लाख के कम बजट में बनी फिल्म ने 5 से 5.25 करोड़ की कमाई की थी. यह फिल्म ZEE5 पर देख सकते हैं.
कांतारा
ऋषभ शेट्टी की 'कांतारा' लोककथाओं, आस्था, प्रकृति और आध्यात्मिकता को जबरदस्त एक्शन ड्रामा के साथ मिलाती है. इसकी कहानी का आधार स्थानीय समुदाय और उन दैवीय शक्तियों के बीच का रिश्ता है, जिनकी वे पूजा करते हैं. पारंपरिक 'भूत कोला' रस्म इस फिल्म के सबसे दमदार हिस्सों में से एक है. यह फिल्म दैवीय हस्तक्षेप और इस विश्वास को दिखाती है कि कुछ शक्तियों को सिर्फ तर्क से नहीं समझा जा सकता. 16 करोड़ के बटज में बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दुनिया भर में 400–450 करोड़ की कमाई की. फिल्म के दो हिस्से हैं और यह अभी नेटफ्लिक्स और प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है.
मुक्ति भवन
अगर आप आध्यात्मिकता पर एक शांत और दार्शनिक नजरिए वाली फिल्म ढूंढ रहे हैं, तो 'मुक्ति भवन' एक बेहतरीन विकल्प है. 2016 की यह फिल्म एक 77 साल के बुज़ुर्ग की कहानी है, जो अपनी मौत करीब जानकर अपने बेटे के साथ वाराणसी जाते हैं. उन्हें मोक्ष पाने और जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति पाने की उम्मीद है. इसके बाद की कहानी सिर्फ मौत के बारे में नहीं है, बल्कि जिंदगी, परिवार, लगाव और मोक्ष के अर्थ की पड़ताल करती है. 'मुक्ति भवन' अभी जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है. 2017 की फिल्म 'मुक्ति भवन' लगभग 5 करोड़ के बजट में बनी थी. फिल्म ने भारत में लगभग 74 लाख की कमाई की.
PK (2014)
राजकुमार हिरानी की 2014 की फिल्म 'PK' धर्म और आस्था की पड़ताल के लिए व्यंग्य का सहारा लेती है. आमिर खान और अनुष्का शर्मा की लीड रोल वाली यह फिल्म एक मासूम एलियन की कहानी है, जो धरती पर आता है और अलग-अलग धर्मों की रीतियों और मान्यताओं पर सवाल उठाने लगता है. आस्था पर हमला करने के बजाय, यह फिल्म अंधविश्वास, धर्म के ठेकेदारों और ईश्वर की तलाश में इंसान की कोशिशों पर सवाल उठाती है. 'PK' अभी नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. राजकुमार हिरानी की डायरेक्ट की हुई और आमिर खान स्टारर फिल्म 'PK' का अनुमानित बजट 122 करोड़ था. इसने दुनिया भर में लगभग 770 करोड़ की कमाई की.
यह भी पढ़ें-' करण जौहर ने मिर्जापुर द मूवी का फर्स्ट डे शो, रिव्यू करते हुए लिखा, सॉलिड, कड़क, मसालेदार राइड
OMG 2
अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की 'OMG 2' आस्था, इंसान व ईश्वर के रिश्ते पर एक और आधुनिक नजरिया पेश करती है. यह फिल्म कांति शरण मुद्गल की कहानी है, जिनकी जिंदगी तब उलट-पुलट हो जाती है जब उनके बेटे को स्कूल से निकाल दिया जाता है क्योंकि उस पर अश्लील हरकत का आरोप लगता है. भगवान में गहरी आस्था रखने वाले कांति इस संकट के समय भगवान शिव की शरण में जाते हैं. अक्षय कुमार एक रहस्यमयी दैवीय दूत की भूमिका में हैं जो मुश्किल समय में उनका मार्गदर्शन करते हैं. 'OMG 2' अभी नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है. 2023 में आई OMG 2 लगभग 50 करोड़ से 65 करोड़ के अनुमानित बजट में बनी थी. इसने दुनिया भर में लगभग 221.08 करोड़ की कमाई की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं