सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ओटीटी पर भी रिकॉर्ड तोड़ रही है. फिल्म ने रिलीज के पहले ही वीकेंड में ऐसा कमाल किया है, जिसने इसे साल की सबसे बड़ी डिजिटल हिट फिल्मों में शामिल कर दिया है. जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई इस स्पाई-थ्रिलर को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है. यही वजह है कि रिलीज के कुछ ही दिनों में फिल्म 5 करोड़ यानी 50 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर चुकी है. खास बात ये है कि फिल्म को सिर्फ बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों के दर्शकों ने भी खूब पसंद किया है.
ये भी पढ़ें: पंचायत में कहां से आई लौकी, कब आएगा वेब सीरीज का सीजन 5? जानिए खुद प्रधान जी की जुबानी
पहले वीकेंड में 5 करोड़ व्यूज
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने ओटीटी पर आते ही बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. जियोहॉटस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड में 50 मिलियन ऑडियंस तक पहुंच बनाई. ये आंकड़ा इसके थिएटर ओपनिंग वीकेंड के मुकाबले लगभग पांच गुना ज्यादा बताया जा रहा है. फिल्म फिलहाल हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में स्ट्रीम हो रही है.
फैंस के बीच बनी चर्चा का सबसे बड़ा टॉपिक
ओटीटी पर आते ही 'धुरंधर 2' की हर तरफ चर्चा शुरू हो गई. फिल्म के एक्शन सीन्स, दमदार डायलॉग्स और रणवीर सिंह के अंदाज को लेकर फैंस लगातार बातें कर रहे हैं. कई लोगों ने फिल्म के पसंदीदा सीन सोशल मीडिया पर शेयर किए, जबकि कुछ ने इसकी स्पाई थ्रिलर कहानी को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया. रिलीज के बाद से ही फिल्म एंटरटेनमेंट लवर्स की वॉचलिस्ट में टॉप पर बनी हुई है, जो इसकी बढ़ती पॉपुलैरिटी को साफ दिखाता है.
बड़ी स्क्रीन पर देखने का ट्रेंड
जियोहॉटस्टार के मुताबिक फिल्म के कुल वॉच टाइम का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा कनेक्टेड टीवी डिवाइस से आया. यानी बड़ी संख्या में लोगों ने इसे मोबाइल की बजाय टीवी स्क्रीन पर देखना पसंद किया. इससे साफ है कि अब ओटीटी कंटेंट सिर्फ पर्सनल नहीं बल्कि फैमिली एंटरटेनमेंट का भी बड़ा हिस्सा बनता जा रहा है.
रॉ और अनदेखा वर्जन ने बढ़ाया उत्साह
फिल्म के प्रीमियर को खास बनाने के लिए मेकर्स ने ' रॉ और अनदेखा' वर्जन भी पेश किया. इसमें करीब 30 मिनट का स्पेशल प्री-शो शामिल था. फैंस को कलाकारों के इंटरव्यू, अनसुने किस्से और पर्दे के पीछे की कई दिलचस्प झलकियां देखने को मिलीं. इस एक्सक्लूसिव कंटेंट ने भी ऑडियंस का उत्साह बढ़ाने का काम किया.
बॉक्स ऑफिस पर भी रही सुपरहिट
धुरंधर फ्रेंचाइजी पहले से ही लोगों के बीच काफी पॉपुलर रही है. पहली फिल्म को भी शानदार रिस्पॉन्स मिला था. वहीं 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर दुनियाभर में 1813.21 करोड़ रुपये की कमाई कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन, राकेश बेदी, अर्जुन रामपाल, गौरव गेरा और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं