विज्ञापन

चित्रकूट के मेले में इस बॉलीवुड एक्टर के नाम वाले गधे की लगी बोली, 72 हजार में हुआ सौदा, अब एक्टर ने दिया रिएक्शन

चित्रकूट मेले में उस वक्त सबका ध्यान खींच लिया, जब एक बॉलीवुड अभिनेता के नाम वाले गधे की 72 हजार रुपये में बोली लगी. यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिसके बाद अभिनेता का भी रिएक्शन सामने आया.

चित्रकूट के मेले में इस बॉलीवुड एक्टर के नाम वाले गधे की लगी बोली, 72 हजार में हुआ सौदा, अब एक्टर ने दिया रिएक्शन
चित्रकूट मेले में बिका ‘Chunky Panday’ नाम का गधा

मध्य प्रदेश के चित्रकूट में लगने वाला गधा मेला एक बार फिर चर्चा में है. हर साल की तरह इस बार भी यहां बड़ी संख्या में गधों को लेकर व्यापारी पहुंचे. इस मेले में जानवरों की खरीद-बिक्री के साथ उनके नाम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं. खास बात यह है कि व्यापारी अपने गधों के नाम बॉलीवुड सितारों के नाम पर रखते हैं, ताकि खरीदारों का ध्यान उनकी तरफ जाए. इस बार भी अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसे नाम सुनने को मिले, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा एक ऐसे गधे की हुई, जिसका नाम मशहूर अभिनेता चंकी पांडे के नाम पर रखा गया था.

72 हजार रुपये में बिका चंकी पांडे नाम का गधा

इस मेले में चंकी पांडे नाम के गधे ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं. इसकी बोली 72 हजार रुपये तक पहुंच गई, जिसके बाद यह मेले का सबसे महंगा गधा बन गया. इसके नाम ने लोगों के बीच खूब दिलचस्पी पैदा की. दरअसल, मेले में व्यापारियों के बीच अपने गधों को खास पहचान दिलाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जाते हैं. फिल्मी सितारों के नाम रखना भी इसी का हिस्सा है. इस बार चंकी पांडे के नाम वाले गधे की कीमत ने इस अनोखी परंपरा को फिर चर्चा में ला दिया.

अभिनेता ने बताया 30 साल पुराना है यह सिलसिला

अपने नाम पर गधे का नाम रखे जाने की खबर जब चंकी पांडे तक पहुंची तो उन्होंने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी. हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में अभिनेता ने इसे सम्मान की बात बताया. उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब 30 साल से ऐसा होते देख रहे हैं. उनके दोस्तों ने भी उन्हें इस मेले से जुड़ी खबरों की क्लिपिंग भेजी हैं.

चंकी ने बताया कि यह कोई नई बात नहीं है. कई बार नाई की दुकानों पर भी फिल्मी सितारों और उनके हेयरस्टाइल के नाम का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया जाता है. उन्होंने यह भी बताया कि एक बर्गर जॉइंट पर ‘चंकी पनीर पांडे' नाम का बर्गर भी मिलता है. अभिनेता का अंदाज साफ बताता है कि वह अपने नाम से जुड़ी इस अनोखी लोकप्रियता को मजाकिया और सकारात्मक तरीके से लेते हैं.

इन फिल्मों में नजर आएंगे चंकी पांडे

चंकी पांडे बॉलीवुड में करीब चार दशक से सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर में कॉमेडी से लेकर गंभीर किरदारों तक कई तरह की भूमिकाएं निभाई हैं. आने वाले समय में वह हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘हीरो की हीरोइन' में दिखाई देंगे. इस फिल्म से यशवर्धन आहूजा अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. फिल्म का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 42 साल पुराना शशि-मौसमी का रोमांटिक गाना, जिसमें ना था कोई अंतरा ना कोई मुखड़ा, अनुराधा पौडवाल ने सिर्फ गुनगुनाकर कर दिया था अमर

इसके अलावा चंकी पांडे हाल ही में ‘बेबी डो डाई डू', ‘है जवानी तो इश्क होना है' और ‘राहु केतु' जैसी फिल्मों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं. फिलहाल चित्रकूट के मेले में उनके नाम वाले गधे की कीमत और अभिनेता की प्रतिक्रिया लोगों के बीच दिलचस्प चर्चा का विषय बनी हुई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chunky Panday, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com