बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में बनी हैं, जिनकी कहानी में एक किरदार की मौत दर्शकों को हैरान कर देती है. क्या आप जानते हैं कि साल 1975 में आई एक फिल्म में हेमा मालिनी (Hema Malini) की मौत दिखाने पर डिस्ट्रिब्यूटर्स और मेकर्स के बीच ही असहमति थी? फिल्म से जुड़े कई लोग नहीं चाहते थे कि हेमा मालिनी का किरदार खत्म हो. यहां तक कि कुछ लोगों ने सलाह दी थी कि हेमा की जगह रेखा के किरदार को मार दिया जाए. लेकिन हेमा मालिनी ने खुद फिल्म के निर्देशक फिरोज खान से कहा कि वह कहानी में कोई बदलाव न करें. हेमा मालिनी का ये कदम तुरुप का इक्का साबित हुआ और फिल्म बन गई ब्लॉकबस्टर.
हेमा मालिनी ने खुद दी थी किरदार खत्म करने की सलाह
यह किस्सा 25 जुलाई 1975 में रिलीज हुई फिल्म धर्मात्मा (Dharmatma) का है. फिरोज खान ने इस फिल्म का निर्देशन करने के साथ इसमें मुख्य भूमिका भी निभाई थी. फिल्म में हेमा मालिनी रेशमा के किरदार में थीं, जबकि रेखा ने अनु की भूमिका निभाई थी. फिल्म की कहानी में रेशमा की मौत एक बड़ा मोड़ लेकर आती है. रणबीर और रेशमा शादी के लिए जा रहे होते हैं, तभी उनकी जीप में विस्फोट हो जाता है और रेशमा की जान चली जाती है.
आईएमडीबी पर साझा किए गए किस्से के मुताबिक, फिल्म से जुड़े कई लोग हेमा मालिनी के किरदार की मौत के खिलाफ थे. फिल्म के डिस्ट्रिब्यूटर्स भी फिरोज खान से लगातार कह रहे थे कि हेमा के किरदार को जिंदा रखा जाए. कुछ लोगों ने तो यह सुझाव भी दिया कि अगर किसी किरदार को मारना ही है तो रेखा के किरदार अनु को खत्म कर दिया जाए.
लेकिन हेमा मालिनी का नजरिया बाकी लोगों से बिल्कुल अलग था. उन्होंने फिरोज खान से कहा कि वह अपनी लिखी कहानी और किरदार के साथ कोई छेड़छाड़ न करें. फिरोज खान चाहते थे कि रेशमा की अचानक मौत से दर्शकों को बड़ा झटका लगे. आखिरकार उन्होंने अपने फैसले पर भरोसा किया और यह दांव कामयाब रहा.
'धर्मात्मा' की शानदार स्टारकास्ट
'धर्मात्मा' में फिरोज खान ने रणबीर की भूमिका निभाई थी. हेमा मालिनी और रेखा के अलावा फिल्म में प्रेमनाथ, डैनी डेन्जोंगपा, फरिदा जलाल, रंजीत, दारा सिंह, मदन पुरी, जीवन, इफ्तेखार, हेलन और इम्तियाज खान जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म में प्रेमनाथ ने सेठ धर्मदास का किरदार निभाया था, जो बाहर से समाजसेवी दिखाई देता है, लेकिन उसकी जिंदगी का एक दूसरा पहलू भी है. कहानी परिवार, अपराध, रिश्तों और बदले के इर्द-गिर्द घूमती है.
यहां देखें हेमा मालिनी और फिरोज खान की धर्मात्मा फुल मूवी:
धर्मात्मा का बजट और कलेक्शन, बनाया था ये रिकॉर्ड
फिरोज खान की इस फिल्म को बड़े स्तर पर बनाया गया था. 'धर्मात्मा' का बजट करीब 1.25 करोड़ रुपये था और फिल्म ने लगभग 5 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था. इस तरह फिल्म अपने समय की बड़ी व्यावसायिक सफलताओं में शामिल हुई.
‘धर्मात्मा' की एक और खासियत यह थी कि यह अफगानिस्तान में शूट होने वाली पहली भारतीय फिल्मों में शामिल थी. फिल्म की खूबसूरत लोकेशन, घुड़सवारी और बुजकशी के दृश्य दर्शकों के लिए बिल्कुल नया अनुभव थे. कल्याणजी-आनंदजी का संगीत भी फिल्म की लोकप्रियता की बड़ी वजह बना. क्या खूब लगती हो, तेरे चेहरे में वो जादू है और तुमने किसी से कभी प्यार किया है जैसे गाने आज भी याद किए जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं