कंगना रनौत ने अपने करियर में कई मजबूत और यादगार रोल्स निभाकर बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई है. एक्ट्रेस ने 2014-15 में लगातार दो नेशनल अवॉर्ड जीतकर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया था. उस समय ऐसा लग रहा था कि वे इंडस्ट्री की सबसे बड़ी स्टार बन जाएंगी. लेकिन पिछले एक दशक में उनकी बॉक्स ऑफिस स्थिति लगातार कमजोर होती गई. हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म भारत भाग्य विधाता भी इस ट्रेंड को बदल नहीं सकी और फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह संघर्ष करती हुई नजर आ रही है.
ये भी पढ़ें: 14 साल पहले सनी देओल की इस फिल्म पर लगा था बैन, रिलीज से पहले हो गई थी लीक, 6 साल बाद आई थी थिएटर में
एक हफ्ते में कमाए केवल 6 करोड़
12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म को क्रिटिक्स से भले ही पॉजिटिव रिव्युज मिले हैं, लेकिन यह दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब नहीं हो पाई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म रिलीज के बाद एक हफ्ते में लगभग 6 करोड़ रुपए (ग्रॉस) का ही कलेक्शन कर पाई है. इसकी पहले दिन फिल्म की कमाई लगभग 1 करोड़ रुपये रही, जो बड़े बजट और उम्मीदों के मुकाबले बेहद कम मानी जा रही है. फिल्म की कहानी 26/11 आतंकी हमले के दौरान अस्पताल में तैनात नर्सों की बहादुरी को समर्पित बताई जा रही है.
कड़ी टक्कर और कमजोर ओपनिंग का असर
फिल्म को रिलीज के समय कई बड़ी फिल्मों से कॉम्पीटीशन का सामना करना पड़ा है. इनमें दिलजीत दोसांझ की ‘मैं वापस आऊंगा', मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर' और विक्रम भट्ट की ‘हॉन्टेड 3D' जैसी फिल्में शामिल थीं. ट्रेड एनालिस्ट्स के अनुसार, इसी कड़े मुकाबले ने ‘भारत भाग्य विधाता' की कमाई पर असर डाला है. हालांकि, इन फिल्मों में से केवल दिलजीत की फिल्म ने ही बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि बाकी फिल्मों का कलेक्शन भी धीरे-धीरे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है.
11 साल से नहीं मिली कोई बड़ी हिट
कंगना रनौत की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म 2015 में आई ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' थी. इसके बाद उनकी लगभग 11 फिल्मों का प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर कमजोर रहा. इनमें कुछ फिल्में एवरेज रहीं, लेकिन ज्यादातर फ्लॉप साबित हुईं. उनकी पिछली फिल्मों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा -
फिल्म कमाई (करोड़ रुपए में)
आई लव NY (2015) 1.54
कट्टी बट्टी (2015) 24.41
रंगून (2017) 20.68
सिमरन (2017) 17.26
मणिकर्णिका (2019) 92.19
जजमेंटल है क्या (2019) 33.11
पंगा (2020) 28.92
थलाइवी (2021) 1.46
धाकड़ (2022) 2.58
तेजस (2023) 4.14
इमरजेंसी (2025) 16.52
इसी फेहरिस्त में अब ‘भारत भाग्य विधाता' भी जुड़ गई है, जो उनकी लगातार 13वीं असफल फिल्म बताई जा रही है.
आने वाली फिल्मों से उम्मीदें बरकरार
कंगना फिलहाल हार मानने के मूड में नहीं दिख रही हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी आने वाली फिल्मों में ‘क्वीन 2', आर. माधवन के साथ एक अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट और ‘तनु वेड्स मनु 3' जैसी फिल्में शामिल हैं. अब देखना होगा कि क्या ये आगामी प्रोजेक्ट्स कंगना के करियर को फिर से पटरी पर ला पाएंगे या उनका बॉक्स ऑफिस संघर्ष जारी रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं