15 अगस्त आने में कुछ ही दिन का समय बचा है. बाजारों में तिरंगे देखने को मिल रहे हैं, ऑफिस और स्कूलों को तिरंगे से सजा दिया गया है. इन सभी तैयारिरियों के साथ हर किसी के दिल में एक अलद ही देशप्रेम उमड़ता है. प्लेलिस्ट में देशभक्ति गीत आ जाते हैं. आज हम आपको एक ऐसे ही गाने के बारे में बताएंगे जो 33 साल पहले दूरदर्शन में आया था, जिसे सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है. ये गाना एकता, भाईचारे और शांति का संदेश देता है. हम बात कर रहे है साल 1993 में रिलीज हुए गाने 'प्यार की गंगा बहे', इसे शोमैन सुभाष घई ने डायरेक्ट किया था. इस इंडियन एक्सप्रेस डॉट कॉम को दिए एक इंटरव्यू में सुभाष घई ने इस गाने को बनाने की कहानी भी शेयर की थी. इस गाने को 1993 में आई फिल्म 'खलनायक' में शामिल किया गया था.
कैसे बना था गाना
सुभाष घई ने बताया था कि, बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद देश का माहौल बहुत तनावपूर्ण हो गया था. सांप्रदायिक झड़पों में लोग मारे जा रहे थे और हर कोई परेशान था. तब उनके पास सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक सचिव का फोन आया. जिसने उनसे पूछा कि क्या बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोग आकर भाईचारे का संदेश दे सकते हैं. जिस पर सुभाष घई ने हां कर दी. जिसके बाद उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर एक गाना तैयार किया गया. घई ने बताया कि वो ऐसा गाना बनाना चाहते थे संदेश सिर्फ बड़ों तक ही न पहुंचे, बल्कि उन छोटे बच्चों तक भी पहुंचे, जो हमारे देश का भविष्य हैं. इसी सोच के साथ गाने की शुरुआत 'सुन सुन सुन मेरे मुन्ने सुन' से हुई. इससे बेहतर और क्या हो सकता था कि कलाकार अपने बच्चों के साथ स्क्रीन पर यह गाना गाएं? यही वजह है कि गाने में अनिल कपूर के साथ सोनम कपूर, जैकी श्रॉफ के साथ टाइगर श्रॉफ और ऋषि कपूर के साथ रणबीर कपूर नजर आते हैं.'
4 सिंगर्स की आवाज, देशभर के कलाकार
इस गाने का संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने दिया था और इसे मोहम्मद अजीज, मनहर उधास, जॉली मुखर्जी और उदित नारायण ने अपनी आवाज दी थी. गाने का कुछ हिस्सा घई की सुपरहिट फिल्म 'सौदागर' के सेट पर भी शूट किया गया था. घई ने बताया था कि, 'जिस सीन में आपको सभी कलाकार एक लाइन में खड़े दिखाई देते हैं, वो 'सौदागर' का सेट था.' उन्होंने बताया कि गाने के कुछ हिस्से कलाकारों ने अपने-अपने शूटिंग लोकेशन पर खुद शूट किए थे और उन्हें भेजे थे. बाद में घई ने उन सभी हिस्सों को एडिट करके गाने में जोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: दूरदर्शन का 36 साल पुराना शो, सेट पर लगी आग में जल गए 52 लोग, हीरो 13 महीने तक रहा अस्पताल में भर्ती, करवानी पड़ी 70 से ज्यादा सर्जरी
घई ने इस देश के अलग-अलग हिस्सों के कलाकारों से संपर्क किया. इसमें तमिलनाडु से रजनीकांत, केरल से ममूटी, आंध्र प्रदेश से चिरंजीवी, महाराष्ट्र से सचिन और पश्चिम बंगाल से प्रसेनजीत जैसे कलाकार शामिल हुए. इसके अलावा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कई दूसरे कलाकार भी इस गाने का हिस्सा बने.' इस गाने में कुल मिलाकर 13 कलाकार शामिल हुए जिसमें, सलमान खान, आमिर खान, अनिल कपूर, गोविंदा, जैकी श्रॉफ, ऋषि कपूर, नसीरुद्दीन शाह, रजनीकांत, चिरंजीवी, ममूटी,प्रोसेनजित चटर्जी, सचिन पिलगांवकर. इस गाने को खलनायक फिल्म में शामिल किया गया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं