किसी पॉपुलर नॉवेल पर बनी फिल्में अक्सर दर्शकों और क्रिटिक्स को पसंद आती है. सनी देओल की मूवी बंटवारा 1947 भी ऐसी ही एक फिल्म है. जो नॉवेल से इंस्पायर बताई जा रही है. इससे पहले भी सनी देओल ऐसी एक फिल्म में काम कर चुके हैं जो एक हिंदी उपन्यास पर बेस्ड थी. लेकिन रिलीज से पहले ही वो फिल्म विवादों में फंस गई. सेंसर बोर्ड और अदालत के चक्कर लगाती रही और करीब 6 साल तक बड़े पर्दे पर नहीं आ सकी. इतना ही नहीं ऑफिशियल रिलीज से पहले ही इसकी पूरी फिल्म इंटरनेट पर लीक हो गई थी.
6 साल किया रिलीज का इंतजार
हम बात कर रहे हैं साल 2018 में रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म 'मोहल्ला अस्सी' की. डायरेक्टर डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी की इस फिल्म की कहानी मशहूर साहित्यकार डॉ. काशीनाथ सिंह के चर्चित हिंदी उपन्यास 'काशी का अस्सी' से प्रेरित थी. फिल्म बनारस के अस्सी घाट और वहां के बदलते सामाजिक माहौल की कहानी दिखाती है. फिल्म में सनी देओल ने एक संस्कृत टीचर और पंडित का किरदार निभाया था. जबकि साक्षी तंवर उनकी पत्नी के रोल में नजर आई थीं. इसके अलावा सौरभ शुक्ला, रवि किशन, मुकेश तिवारी और राजेंद्र गुप्ता जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे.
कहानी 1989 और 1990 के दौर के आसपास घूमती है. इसमें राम जन्मभूमि आंदोलन, मंडल आयोग की सिफारिशों के बाद बदले राजनीतिक माहौल और रिलिजियस टूरिज्म के नाम पर बढ़ते बिजनेस पर तंज भी कसा गया है. यही वजह रही कि फिल्म अपने सब्जेक्ट और कुछ डायलोग के कारण शुरुआत से ही विवादों में आ गई.
रिलीज से पहले लीक हुई, अदालत ने भी लगाई रोक
बताया जाता है कि फिल्म को साल 2012 में रिलीज किया जाना था. लेकिन सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने में काफी समय लग गया. इसके बाद 30 जून 2015 को दिल्ली की एक अदालत ने धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत के आधार पर इसकी रिलीज पर रोक लगा दी. मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. अगस्त 2015 में फिल्म ऑफिशियल रिलीज से पहले ही इंटरनेट पर लीक हो गई. इससे मेकर्स को बड़ा झटका लगा और फिल्म का इंतजार और लंबा हो गया. करीब 6 साल तक विवादों और कानूनी मुश्किलों में फंसे रहने के बाद आखिरकार 16 नवंबर 2018 को मोहल्ला अस्सी सिनेमाघरों में रिलीज हो सकी. हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा पाई. लेकिन किताब पर आधारित होने और लंबे विवाद के चलते आज भी इसका नाम सनी देओल के करियर की सबसे कॉन्ट्रोवर्शियल और चर्चित फिल्मों में लिया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं