विज्ञापन

Bhai Tera Star Review: भाई तेरा स्टार हुई रिलीज, जानें कैसी है राघव जुयाल की फिल्म

Bhai Tera Star Review In Hindi: राघव जुयाल की भाई तेरा स्टार’ में मेहनत दिखती है, लेकिन कमजोर कहानी नहीं बन पाती. 

Bhai Tera Star Review: भाई तेरा स्टार हुई रिलीज, जानें कैसी है राघव जुयाल की फिल्म
Bhai Tera Star Review In Hindi
नई दिल्ली:

Bhai Tera Star Review In Hindi: इस हफ्ते रिलीज हुई है राघव जुयाल की फिल्म ‘भाई तेरा स्टार', जिसमें वह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. डांस की दुनिया से अभिनय में आए राघव इससे पहले ‘किल' और ‘बॉड्स ऑफ बॉलीवुड' जैसी फिल्मों में अपने दमदार सहायक किरदारों से प्रभावित कर चुके हैं और अब इस फिल्म में बतौर हीरो नजर आ रहे हैं. उनके साथ इस फिल्म से लोकप्रिय इंफ्लुएंसर निहारिका एनएम ने अभिनय की शुरुआत की है. फिल्म में संजय कपूर, निक्की वालिया, विवान भटेना, बरखा सिंह, पार्वती ओमानाकुट्टन, टीना देसाई, विकल्प मेहता और चंदन रॉय सान्याल भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्देशन विवेक बी. अग्रवाल ने किया है, संगीत अमित त्रिवेदी का है और सिनेमैटोग्राफी त्रिभुवन बाबू सदीनेनी ने संभाली है. 

भाई तेरा स्टार की कहानी

फिल्म की शुरुआत फैटी (संजय कपूर) से होती है, जो एक बार का मालिक होने के साथ-साथ लोगों को ब्याज पर पैसे भी उधार देता है. उसने अजय (राघव जुयाल) को भी पैसे दिए हैं और अब अपनी रकम वापस चाहता है. वह अजय को कुछ ही घंटों का समय देकर पैसे लौटाने की धमकी देता है. मजबूरी में अजय अपनी गर्लफ्रेंड (निहारिका एनएम) से झूठ बोलकर पैसे मांगता है. निहारिका अपने भाई से झूठ बोलकर उधार लेती है और उसका भाई अपने देनदारों से पैसे जुटाने की कोशिश करता है. इसी तरह झूठ, उधार और गलतफहमियों का सिलसिला चलता रहता है. कहानी रिश्तों, गलतियों के एहसास और उलझनों के बीच आगे बढ़ती है. 

ये भी पढ़ें- 4000 करोड़ की रामायणम् में कौन बना है शूर्पणखा का पति, जिसको रावण ने उतार दिया था मौत के घाट

भाई तेरा स्टार में खामियां

1. फिल्म की कहानी और स्क्रिप्ट दोनों ही कमज़ोर हैं और दर्शकों को बांधने में असफल रहती हैं.
2. फिल्म का ट्रीटमेंट समझ से परे लगता है. लगभग हर संवाद के साथ स्क्रीन पर कॉमिक अंदाज में कैप्शन दिखाई देते हैं, लेकिन उनका कहानी या हास्य को बेहतर बनाने में कोई योगदान नहीं है. उल्टा, कुछ समय बाद ये दर्शकों के लिए झुंझलाहट का कारण बनने लगते हैं.
3. फिल्म के ट्रेलर और प्रमोशन से उम्मीद थी कि यह एक मजेदार कॉमेडी होगी, लेकिन बड़े पर्दे पर यह दर्शकों को हंसा नहीं पाती.
4. लगभग सभी कलाकार एक ही पिच पर संवाद बोलते नजर आते हैं, जिससे पूरी फिल्म में एकरसता और उबाऊपन महसूस होता है.
5. पूरी फिल्म में भावनात्मक जुड़ाव की कमी साफ महसूस होती है, इसलिए किरदारों की परेशानियां दर्शकों को प्रभावित नहीं कर पातीं.
6. निर्देशक विवेक बी. अग्रवाल का निर्देशन फिल्म को मजबूती नहीं दे पाता. 

भाई तेरा स्टार की खूबियां

1. फिल्म का सबसे मज़बूत पक्ष इसकी सिनेमैटोग्राफी है. एडिटिंग को ध्यान में रखकर जिस तरह दृश्यों की ब्लॉकिंग और कोरियोग्राफी की गई है, वह मेहनत साफ़ दिखाई देती है. यह तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण काम है और टीम की मेहनत की तारीफ की जानी चाहिए.
2. राघव जुयाल पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ फ़िल्म को संभालने की कोशिश करते हैं. बतौर हीरो उनका प्रयास ईमानदार है. निहारिका एनएम और बाकी कलाकार भी अपना काम ठीक-ठाक करते हैं, लेकिन कमज़ोर लेखन और निर्देशन के कारण कोई भी किरदार प्रभाव नहीं छोड़ पाता. 
3. फिल्म की प्रोडक्शन क्वालिटी अच्छी है और तकनीकी स्तर पर यह ठीक-ठाक नजर आती है.

भाई तेरा स्टार का वर्डिक्ट

कुल मिलाकर ‘भाई तेरा स्टार' उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती. राघव जुयाल की मेहनत और फिल्म का तकनीकी पक्ष सराहनीय है, लेकिन कमज़ोर कहानी, फीका हास्य और असरहीन निर्देशन इसकी सबसे बड़ी कमज़ोरियां हैं. अगर आप राघव जुयाल के प्रशंसक हैं तो एक बार यह फिल्म देख सकते हैं, लेकिन एक मनोरंजक कॉमेडी की उम्मीद लेकर जाना शायद निराश कर सकता है.

रेटिंग: 1.5/5 स्टार

ये भी पढे़ं- रामायणम् ट्रेलर में नहीं दिखे हनुमान, सनी देओल ने खुद बताई थी वजह, कहा- अभी लंबा सफर तय करना बाकी है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhai Tera Star Hai Review, Bollywood, Raghav Juyal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com