ओटीटी पर हर हफ्ते कई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं. नेटफ्लिक्स पर भी इस हफ्ते कुछ खास फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हुई हैं. लेकिन एक फ्लॉप फिल्म का आते ही नेटफ्लिक्स पर जलवा देखने को मिल रहा है. थिएटर में कमर्शियल रूप से असफल रही एक साउथ फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर धमाल मचा रही है. विजय सेतुपति की स्टारर कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'बात्था' नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही टॉप ट्रेंडिंग में नंबर-1 पर पहुंच गई है.
नेटफ्लिक्स पर टॉप पर फिल्म
यह फिल्म 29 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हुई. थिएटर रिलीज के दौरान आलोचकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी. लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आते ही इसकी किस्मत पलट गई लग रही है. फिलहाल यह नेटफ्लिक्स की टॉप-10 फिल्मों की सूची में पहले स्थान पर काबिज है.
'बात्था' एक कॉमेडी-ड्रामा है जिसकी कहानी काफी दिलचस्प है. करीब दो घंटे 36 मिनट लंबी इस फिल्म में विजय सेतुपति एक खतरनाक गैंगस्टर का किरदार निभाते हैं, जिसका नाम बात्था है. वह अपने इलाके में दहशत बनाया हुआ है. कहानी में आठ साल का बच्चा शबरी भी खास भूमिका में है, जो बात्था के हिंसक रूप को देखकर डरता है. कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है जब दोनों आमने-सामने आते हैं और छोटा बच्चा गैंगस्टर की जान बचाता है. आगे की कहानी जानने के लिए दर्शकों को फिल्म देखनी होगी.
फिल्म की आईएमडीबी रेटिंग
फिल्म का निर्देशन बालाजी थरनीथरन ने किया है. उन्होंने इससे पहले भी विजय सेतुपति के साथ 'नादुवुला कोनजम पक्कथा कानोम' और 'सीताकाथी' जैसी फिल्में बनाई हैं. कमर्शियल असफलता के बावजूद फिल्म का कंटेंट और लोकप्रियता का अंदाजा इसकी आईएमडीबी रेटिंग से लगाया जा सकता है, जो 8.7 आउट ऑफ 10 है. आज के समय में कई बार देखा गया है कि थिएटर में उम्मीद जितनी सफलता न मिलने वाली फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आकर दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल कर लेती हैं. 'बात्था' भी इसी श्रेणी में आती नजर आ रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं