बॉक्स ऑफिस पर हर फिल्म को दर्शकों का प्यार मिले, यह जरूरी नहीं है. कई बार ऐसी फिल्में भी होती हैं, जिन्हें सिनेमाघरों में खास सफलता नहीं मिलती, लेकिन ओटीटी पर रिलीज होते ही उनकी किस्मत बदल जाती है. ऐसा ही कुछ साउथ सिनेमा के मशहूर एक्टर विजय सेतुपति की फिल्म 'बात्था' के साथ देखने को मिल रहा है. सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई यह फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर दर्शकों को खूब पसंद आ रही है. रिलीज होते ही इसने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए प्लेटफॉर्म की टॉप-10 फिल्मों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर है.
नेटफ्लिक्स की टॉप लिस्ट में 'बात्था'
विजय सेतुपति की फिल्म 'बात्था' 29 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी. ओटीटी पर आने के बाद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. सिनेमाघरों में रिलीज के दौरान फिल्म को समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई. हालांकि, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फिल्म की कहानी ने दर्शकों का ध्यान खींचा है. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद यह टॉप ट्रेंडिंग फिल्मों की सूची में नंबर पांच पर पहुंच गई.
क्या है फिल्म 'बात्था' की कहानी?
करीब 2 घंटे 36 मिनट की इस फिल्म में विजय सेतुपति एक खतरनाक गैंगस्टर के किरदार में नजर आते हैं. उनके किरदार का नाम बात्था है. वह अपने इलाके में इतना खौफ रखता है कि लोग उससे डरते हैं. हालांकि, कहानी में आठ साल का एक बच्चा शबरी भी है, जिसकी जिंदगी बात्था से जुड़ जाती है.
शबरी गैंगस्टर के हिंसक और खतरनाक रूप को देखकर डरता है. लेकिन कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है, जब यही छोटा बच्चा बात्था को मौत के मुंह में ढकेल देता है. उसको बाथरूम में बंद कर देता है. इसके बाद दोनों के बीच क्या होता है और उनकी जिंदगी किस तरह बदलती है, यह फिल्म देखने के बाद ही पता चलता है.
IMDb पर भी मिली शानदार रेटिंग
फिल्म का निर्देशन बालाजी थरनीथरन ने किया है. इससे पहले वह विजय सेतुपति के साथ 'नादुवुला कोनजम पक्कथा कानोम' और 'सीताकाथी' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. बात्था को IMDb पर 10 में से 8.5 की शानदार रेटिंग मिली है. खास बात यह है कि बात्था में ना कोई हीरोइन है ना ही कोई विलेन.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं