इमरान हाशमी ने करीब दो दशक बाद बड़े पर्दे पर फिल्म 'आवारापन 2' से वापसी की है. इस फिल्म में वो शिवम पंडित के किरदार में नजर आए हैं. ये एक्शन थ्रिलर फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. बता दें कि इस फिल्म की टक्कर सनी देओल की 'बटवारा 1947' से हुई है. बता दें कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को मिला-जुला रिव्यू मिला है. इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे. इसके अलावा फिल्म में पूरन गब्बी, सुविंदर विक्की और सलिल आचार्य भी अहम किरदार निभा रहे हैं. अब फिल्म की फीस को लेकर रिपोर्ट सामने आई है, आइए जानते हैं कि इस फिल्म के लिए किसने कितनी फीस ली है.
‘आवारापन 2' के लिए इमरान हाशमी ने ली 10-12 करोड़ रुपये फीस
इमरान हाशमी फिल्म में एक बार फिर शिवम पंडित का रोल निभा रहे हैं. यह किरदार पहली बार 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' में नजर आया था. करीब 20 साल बाद उनकी वापसी को लेकर के उनके फैंस काफी ज्यादा एक्साइटेड दिखे. News24 की रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान हाशमी ने 'आवारापन 2' के लिए करीब 10 से 12 करोड़ रुपये फीस ली है. इस तरह वो फिल्म के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्टर बताए जा रहे हैं.
दिशा पाटनी और शबाना आजमी की फीस
'आवारापन 2' में जारा का किरदार निभा रहीं दिशा पाटनी को कथित तौर पर करीब 5 करोड़ रुपये फीस दी गई है. वहीं, फिल्म की अहम कलाकारों में शामिल दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी को कथित तौर पर 2 से 5 करोड़ रुपये के बीच फीस मिली है. फिल्म की सपोर्टिंग कास्ट में सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली और कई दूसरे कलाकार शामिल हैं. हालांकि, उनकी फीस कितनी है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
'आवारापन 2' की कमान अब नितिन कक्कड़ के हाथों में
पहली आवारापन फिल्म का डायरेक्शन मोहित सूरी ने किया था. वहीं साल 2026 में आई 'आवारापन 2' को एक नए डायरेक्टर ने संभाला है. आवारापन के सीक्वल को नितिन कक्कड़ डायरेक्ट कर रहे हैं. फिल्म की कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है. इसका म्यूजिक अमाल मलिक और मिथुन ने दिया है. फिल्म के एल्बम में 'वे जुनून', 'ये आवारापन' और 'तेरा मेरा रिश्ता कंटीन्यूज' जैसे गाने शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं