देशभक्ति का जज्बा जगाने में हिंदी सिनेमा का योगदान हमेशा खास रहा है. फिल्मों ने ऐसे कई गीत दिए हैं, जिन्हें सुनते ही देशप्रेम की भावना उमड़ने लगती है. 36 साल पहले भी एक ऐसा ही गाना रिलीज हुआ था, जो देखते ही देखते लोगों की जुबान पर चढ़ गया. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज भी इसकी याद ताजा हो जाती है. खास बात यह है कि इस गीत की लोकप्रियता जितनी ज्यादा थी, इसे लेकर विवाद भी उतना ही चर्चा में रहा. दरअसल, गाने के संगीत को लेकर पाकिस्तानी गीत की नकल करने के आरोप लगे थे. यह गाना था ‘दिल दिल हिंदुस्तान', जिसे आनंद-मिलिंद ने संगीतबद्ध किया था.
1990 में रिलीज हुई थी ‘दिल दिल हिंदुस्तान'
‘दिल दिल हिंदुस्तान' साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘यादों के मौसम' का हिस्सा था. इस फिल्म के लिए संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जोड़ी आनंद-मिलिंद ने संभाली थी. दोनों ने हिंदी सिनेमा में कई फिल्मों के लिए यादगार संगीत तैयार किया और उनकी जोड़ी 80 और 90 के दशक में काफी लोकप्रिय रही. ‘दिल दिल हिंदुस्तान' के बोल सलाहुद्दीन परवेज ने लिखे थे, जबकि इसे गायक विजय बेनेडिक्ट ने अपनी दमदार आवाज दी थी. गाने में देशप्रेम से जुड़े जज्बातों को उभारने की कोशिश की गई थी. फिल्म में इसे किरण कुमार और विक्रांत पर फिल्माया गया था.
गाने का संगीत ऊर्जावान था और इसके बोल सीधे तौर पर देश के प्रति प्रेम और गर्व की भावना को सामने रखते थे. यही वजह रही कि रिलीज के बाद यह गीत देशभक्ति से जुड़े लोकप्रिय गानों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा. खासकर राष्ट्रीय पर्वों के दौरान इसे खूब सुना गया.
‘दिल दिल पाकिस्तान' से कॉपी करने का लगा था आरोप
गाना लोकप्रिय हुआ तो इसके साथ एक विवाद भी जुड़ गया. ‘दिल दिल हिंदुस्तान' के संगीत और धुन की तुलना पाकिस्तान के मशहूर गीत ‘दिल दिल पाकिस्तान' से की जाने लगी. यह गीत पाकिस्तानी पॉप बैंड वाइटल साइन्स का था और इसे जुनैद जमशेद ने गाया था. ‘दिल दिल पाकिस्तान' 1987 में रिलीज हुआ था और पाकिस्तान में बेहद लोकप्रिय हुआ.
गाना देखने के लिए यहां क्लिक करें
इसके बाद जब भारत में ‘दिल दिल हिंदुस्तान' सामने आया, तो दोनों गानों के बीच समानता को लेकर सवाल उठे. आरोप लगाया गया कि भारतीय गीत पाकिस्तानी गाने से प्रेरित या उसकी नकल है. हालांकि विवाद के बावजूद ‘दिल दिल हिंदुस्तान' अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहा और देशभक्ति गीतों की चर्चित सूची में शामिल हो गया. आज भी पुराने हिंदी फिल्म संगीत और देशभक्ति गीतों के शौकीनों के बीच इसका जिक्र सुनने को मिलता है.
यह भी पढ़ें: इमरान हाशमी की दादी को कहते थे 'आधी मधुबाला, आधी नरगिस', 16 साल की उम्र में बन गई थीं स्टार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं