अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म ओएमजी 2 (OMG 2) कॉमेडी ड्रामा फिल्म है. जिसको अमित राय ने डायरेक्ट किया था. फिल्म ओएमजी फिल्म का दूसरा भाग था. जिसमें अक्षय कुमार के अलावा पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम मुख्य भूमिका में नजर आए थे. फिल्म भारत में यौन शिक्षा पर आधारित थी. फिल्म 11 अगस्त 2023 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. अगर इस फिल्म की स्टोरी की बात करें तो पंकज त्रिपाठी ने कांति शरण मुद्गल का किरदार निभाया है जो शिव भक्त हैं और उनके पुत्र को स्कूल से निकाल दिया जाता है. क्योंकि उनका बेटा स्कूल में ऐसी आपत्तिजनक काम करता है जो सही नहीं है. इसके बाद बदनामी के कारण पंकज त्रिपाठी का परिवार शहर छोड़कर जाना चाहता है. फिल्म में अक्षय कुमार शिव दूत बने हैं जो उन्हें रोक लेते हैं. जिसके बाद पंकज त्रिपाठी स्कूल प्रशासन के ऊपर मुकदमा करते हैं और अपील करते हैं कि स्कूल में एडल्ट एजुकेशन लागू की जाए. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कलेक्शन किया था. हाल ही में फिल्म डायरेक्टर अमित राय ने फिल्म की शूटिंग से जोड़ा एक किस्सा शेयर किया
OMG की शूटिंग में हुआ एक चमत्कार
फिल्म मेकर अमित राय ने बताया कि जब हम ओएमजी 2 की शूटिंग महाकालेश्वर मंदिर में कर रहे थे. वहां का एक्सपीरियंस बहुत अच्छा रहा. वैसे तो जब हम किसी मंदिर का सीन शूट करते हैं तो हम मंदिर सजाते हैं, मूर्ति रखते हैं. पूजा की थाली तैयार करते हैं. लेकिन महाकाल मंदिर में ऐसा हम नहीं कर सकते थे. पहले तो हमको यह लगा कि मंदिर में शूटिंग करने की परमिशन नहीं मिलेगी. लेकिन वहां के जो अधिकारी थे, उन्होंने हमारी कहानी सुनी और उन्होंने शूटिंग करने की परमिशन दे दी. मैं इसको एक चमत्कार मानता हूं. हमने फिल्म की शूटिंग बहुत ही सहज तरीके से की थी. जब मंदिर में आरती होते थी तो हम बाहर शूट करते थे. मैं इतना कह सकता हूं कि 2 दिन की शूटिंग बहुत ही आसानी से हुई और यह सिर्फ ईश्वर का एक चमत्कार है कि हमको बिल्कुल भी दिक्कत नहीं आई.
डायरेक्टर ने आगे कहा कि उज्जैन की जनता बहुत अच्छी है. वो मेहमानों का अच्छे से स्वागत करती है. उज्जैन की मिट्टी ही ऐसी है कि वो आपको अपना लेते हैं. जैसे उन्होंने मुझे अपना लिया था. मैं जितने भी उज्जैन के लोगों के लिए शब्द कहूं, उतने कम पड़ेंगे. बता दें, उज्जैन में अक्षय कुमार, यामी गौतम और पंकज त्रिपाठी ने काफी लंबा समय बिताया था. जहां लोकल लोगों को इन एक्टर्स का दीदार हुआ. ये एक्टर्स भी वहां के आम नागरिकों से अपनी बॉन्डिंग शेयर करते हुए नजर आए थे. अक्षय कुमार शिव जी के बहुत बड़े भक्त हैं और वह पहले भी कई फिल्मों में भगवान शिव का किरदार निभा चुके हैं. अक्षय कुमार अक्सर ही महाकाल मंदिर अपने परिवार के साथ आते हैं और बाबा का आशीर्वाद लेते हैं.
इन फिल्मों की हुई शूटिंग
अक्षय कुमार की ओएमजी 2 के अलावा प्रकाश झा की फिल्म राजनीति की शूटिंग के दौरान फिल्म की यूनिट उज्जैन पहुंची थी. फिल्म साल 2010 में रिलीज हुई थी. इसके अलावा साल 1981 में आई रेखा की फिल्म मंगलसूत्र की शूटिंग महाकाल मंदिर के गर्भ ग्रह में की गई. फिल्म में रेखा अपने पति की जान बचाने के लिए मंदिर में दौड़ती हुई नजर आती हैं. इसके अलावा 1975 में आई फिल्म जय संतोषी मां के गीत की शूटिंग भी महाकाल मंदिर के पास स्थित हरसिद्धि मंदिर और संतोषी माता मंदिर में हुई थी. महाकाल लोक के निर्माण के बाद मध्य प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग फिल्म निर्माता को यहां शूटिंग करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है. इसके अलावा बॉलीवुड के काफी एक्टर्स आए दिन महाकाल बाबा के दर्शन करने के लिए उज्जैन में आते दिखाई देंगे. अगर बॉलीवुड एक्टर्स की बात करें तो गोविंदा, हेमा मालिनी, कार्तिक आर्यन, सारा अली खान जैसे तमाम बड़े एक्टर्स और उज्जैन आकर बाबा के दर्शन कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें- बॉबी देओल की फिल्म ने 3 दिन में कमाए 173 करोड़, कभी था शराब की लत और करियर का बुरा दौर, बेटों ने बदली जिंदगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं