आश्रम के चौथे सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए सेट से एक नई तस्वीर सामने आई है. आदिति पोहनकर ने कलाकारों और टीम के साथ एक ग्रुप फोटो शेयर की है, जिसमें बॉबी देओल और चंदन रॉय सान्याल भी नजर आ रहे हैं. तस्वीर में सभी काफी मस्ती के मूड में दिख रहे हैं. खास बात यह है कि पर्दे पर बाबा निराला और पम्मी के बीच भले ही रंजिश हो, लेकिन यहां दोनों कलाकारों की गजब की बॉन्डिंग देखने को मिल रही है. आश्रम के चौथे सीजन को लेकर दर्शकों का इंतजार अब धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है. सीरीज की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसी बीच पम्मी का किरदार निभाने वाली आदिति पोहनकर ने सेट से कलाकारों की एक तस्वीर शेयर की है. फोटो में आदिति के साथ बॉबी देओल, चंदन रॉय सान्याल और सीरीज से जुड़े कई दूसरे कलाकार नजर आ रहे हैं.
बाबा निराला और पम्मी की नजदीकियां!
तस्वीर में कलाकार काफी सहज और मस्ती के मूड में दिखाई दे रहे हैं. बॉबी देओल जहां पीले रंग की ब्राइट टी-शर्ट में नजर आ रहे हैं, वहीं आदिति पोहनकर उनके साथ खड़ी हैं. चंदन रॉय सान्याल भी तस्वीर में प्रमुखता से दिखाई दे रहे हैं. तस्वीर की सबसे मजेदार बात यही है कि आश्रम में बाबा निराला और पम्मी के रिश्ते में जितना तनाव है, यहां बॉबी और आदिति उतने ही सहज और मस्ती से भरे नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें- सुखविंदर सिंह के इस गाने के बिना अधूरा है जन्माष्टमी का त्यौहार, 21 साल से राधा के लिए दिखाता कान्हा का प्यार
बाबा निराला की वापसी, साथ दिखेंगे पुराने चेहरे
बॉबी देओल एक बार फिर बाबा निराला के किरदार में लौट रहे हैं. आदिति पोहनकर भी पम्मी के किरदार को आगे बढ़ाएंगी, जबकि चंदन रॉय सान्याल की भोपा स्वामी के रूप में वापसी हो रही है. ये तीनों किरदार सीरीज की कहानी में अहम रहे हैं. खासकर भोपा स्वामी की मौजूदगी इस तस्वीर को आश्रम के पुराने दर्शकों के लिए और दिलचस्प बनाती है. बाबा के सबसे करीबी लोगों में शामिल भोपा स्वामी की भूमिका सीरीज में लगातार महत्वपूर्ण रही है.
चौथे सीजन की शूटिंग शुरू होने की जानकारी सामने आ चुकी है. बॉबी देओल, आदिति पोहनकर और चंदन रॉय सान्याल के साथ सीरीज के कई पुराने कलाकार नए सीजन में लौट रहे हैं. प्रकाश झा इस सीरीज के निर्देशक हैं. फिलहाल नई तस्वीर ने इतना जरूर बता दिया है कि आश्रम की टीम नए अध्याय के लिए फिर एक साथ आ चुकी है. अब देखना होगा कि बाबा निराला, पम्मी और भोपा स्वामी की कहानी इस बार किस दिशा में जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं